राजनांदगांव

न्यूजीलैंड के हर विकेट पर क्रिकेट प्रेमियों ने फोड़े पटाखे
09-Mar-2026 4:17 PM
न्यूजीलैंड के हर विकेट पर क्रिकेट प्रेमियों ने फोड़े पटाखे

भारत के विश्व चैम्पियन बनने पर नांदगांव में देर रात तक जश्न

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 9 मार्च। टी-20 वल्र्ड कप में भारत के विश्व चैम्पियन बनने पर देर रात तक शहर के चौक-चौराहों में जश्न का आलम रहा। क्रिकेट प्रेमियों के अलावा अन्य लोगों ने भी टीम की शानदार जीत पर खुशी का इजहार किया। भारत वैश्विक क्रिकेट में तीसरी बार टी-20 संस्करण में चैम्पियन बना।

अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में करीब सवा लाख दर्शकों की मौजूदगी ने भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को मात दी। मैच के शुरूआत से अंत तक स्थानीय चौक-चौराहों में लगाए गए बड़े स्क्रीन के सामने लोग बैठे रहे। न्यूजीलैंड के हर विकेट गिरने पर क्रिकेट फैंस ने जमकर आतिशबाजी और पटाखे फोड़े। फाइनल मैच को लेकर शहर में काफी उत्साह रहा। शाम ढलते ही लोगों ने मैच का लुत्फ उठाने के लिए घर का रूख किया। चौक-चौराहों में बड़े पर्दे पर लोगों ने मैच का आनंद उठाया। गली-मोहल्लों में भी इस बार मैच देखने के लिए स्क्रीन की व्यवस्था की गई थी।

शहर के ज्यादातर इलाकों में शाम के बाद सन्नाटा पसरा रहा।  इस बीच न्यूजीलैंड को 96 रन से मात देने के बाद क्रिकेट प्रेमी सडक़ पर जश्न मनाने के लिए उतर आए। स्थानीय मानव मंदिर चौक में देर रात तक जश्न मनाते हुए युवा वर्ग उत्साहित होकर थिरकता रहा। भारत की बल्लेबाजी के दौरान भी चौके-छक्के पर लोगों ने ताली बजाकर टीम का उत्साहवर्धन किया।  स्क्रीन और बड़े पर्दों के सामने बैठे लोगों ने कल मैच के प्रत्येक बाल का आनंद लिया। भारतीय टीम की जीत के बाद लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया।


अन्य पोस्ट