राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मार्च। छत्तीसगढ़ में नशे को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। राजस्थान-ओडिशा प्रदेश प्रभारी अल्पसंख्यक विभाग अब्दुल कलाम खान ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते कहा कि दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में भाजपा के नेता 7 एकड़ भूमि पर अफीम की खेती कर रहे हैं। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ सरकार के लिए शर्मनाक घटना बताया।
अब्दुल कलाम खान ने कहा कि भाजपा चुनाव में हर मंच से नशामुक्त छत्तीसगढ़ का वादा करती रही, लेकिन सत्ता में आते ही नशे पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार अपने नेताओं के जरिये नशे के कारोबार को संरक्षण दे रही है और युवाओं को नशे की दलदल में धकेल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने माताओं और बहनों के विरोध के बावजूद प्रदेश में 67 नई शराब दुकानों का उद्घाटन किया और हाल ही में धमतरी जिले में 13 नई शराब दुकानों के प्रस्ताव को पास किया। वहीं अन्य राज्यों से गांजे की तस्करी लगातार पकड़ी जा रही है। जिसकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से लगे अन्य प्रदेशों में भी भाजपा की सरकार होने के कारण यह शक है कि वहां के भाजपा प्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी नशे के कारोबार को बढ़ाने में मिलीभगत कर रहे हैं।


