राजनांदगांव

सस्ती बीयर को महंगी बताकर बेचने का खुलासा
09-Mar-2026 3:34 PM
सस्ती बीयर को महंगी बताकर बेचने का खुलासा

 पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर सरकार को घेरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मार्च।
सस्ती बीयर को महंगी बीयर बताकर बेचने का मामला सामने आने से आबकारी महकमे पर सवालों की बौछार लग गई है। शहर के भदौरिया चौक स्थित प्रीमियम वाईन शॉप में सस्ती बीयर को महंगे दर पर बेचने के लिए बकायदा लेबल लगाया गया। इसके अलावा तारीख भी बदल दी गई।  इधर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आबकारी विभाग की कारगुजारी को लेकर एक ट्वीट कर सरकार को घेरने का प्रयास किया। सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें बीयर का केन खरीदकर ग्राहक  सस्ती बीयर को महंगा बताने की साजिश का भंडाफोड़ कर रहे हैं। बीयर के केन में एक्सपायरी तिथि को मिटाने का खेल किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक भदौरिया चौक स्थित प्रीमियम वाईन शॉप में होली पर्व पर शराब के साथ बीयर की भी बड़ी खपत हुई है। इसी दौरान एक ग्राहक ने महंगी बीयर खरीदी। जिसमें उसने पाया कि  जिस नाम से बीयर को महंगा बताकर बेचा गया, वह एक सस्ती बीयर है। महंगा बताने के लिए प्रीमियम वाईन शॉप के कर्मचारियों ने लेबल भी लगाया है। यही कारण है कि यह मामला अब आबकारी विभाग के लिए परेशानी का सबब बन गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महंगे लेबल को चिपकाकर सस्ती बीयर को उच्च दाम पर बेचने पर सरकार को घेरा है। उनका आरोप है कि सूरजपुर और रायगढ़ में भी इस तरह के $कृत्य सामने आए हैं। राजनांदगांव में आबकारी विभाग पर शराबखोरी को बढ़ावा देने का आरोप लगता रहा है। कांग्रेस शहर में शराब दुकानों की बढ़ती संख्या को लेकर आक्रमक है। ऐसे में इस मामले के उजागर होने के बाद कांग्रेस को एक मुद्दा मिल गया है।
 


अन्य पोस्ट