राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मार्च। दारू पीने पैसा नहीं देने से नाराज होकर जान से मारने की धमकी देकर डंडा फायबर बेत से वार कर प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। महिला आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा एवं फायबर का बेत जब्त किया गया। वहीं एक अन्य आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार 4 मार्च को प्रार्थी संजय मंडावी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 3 मार्च को रात्रि 12 बजे आरोपी आनंद बिहारी, सिमरन खान और विशाखा गोंड़ द्वारा उसे और उसके परिजन को शराब पीने पैसा मांगे, नहीं देने पर मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देकर डंडा, फायबर का बेत से ताबड़तोड़ हमला कर इसे व इसके परिजनों को गंभीर चोट पहुंचाया। इलाज के लिए पेंड्री स्थित अस्पताल में भर्ती होना बताया। रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध अप.क्र. 141/26 धारा 296, 351 (3), 109 (1), 119 (1), 3 (5) बीएनएस कायम कर मामले की गंभीरता को देखते वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की लगातार पतासाजी कर मुखबिर की सूचना पर फिरोजा उर्फ सिमरन 26 वर्ष निवासी मोतीपुर रामनगर हाल ओवरब्रिज के नीचे फुटपाथ व विशाखा ठाकुर 21 साल निवासी ओवरब्रिज के नीचे फुटपाथ को डोंगरगढ़ में घेराबंदी कर पकड़े। घटना के संबंध में पूछताछ पर अपराध स्वीकार किया। जिसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा, फायबर का बेत को जब्त कर मामले में दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 7 मार्च को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जेल वारंट प्राप्त होने पर महिला जेल दुर्ग में दाखिल किया गया।
सूत्रों का कहना है कि आरोपिया घटना बाद फरार हो गए थे। घटना की मुख्य आरोपिया फिरोजा उर्फ सिमरन खान आदतन आपराधिक प्रवृत्ति की महिला है। इसके खिलाफ पूर्व में मारपीट एनडीपीएस एक्ट जैसे मामले दर्ज कर चालान किया गया है। प्रकरण में एक आरोपी घटना बाद फरार है। जिसकी सरगर्मी से पतासाजी किया जा रहा है, जो शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


