राजनांदगांव
राजनांदगांव, 9 मार्च। बौद्ध कल्याण समिति राजनांदगांव द्वारा 8 मार्च को एक आमसभा का आयोजन कर राजनांदगांव में 5 दिवसीय डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर जयंती महोत्सव मनाने को लेकर चर्चा की। बैठक का मुख्य विषय आगामी 14 अप्रैल 2026 को विश्व रत्न परम पूज्य डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती के भव्य आयोजन को लेकर चर्चा करना था। उक्त जानकारी देते मीडिया प्रभारी विनोद श्रीरंगे एवं मनीष सिमनकर ने बताया कि सभा में शहर के विभिन्न वार्डों से आए सामाजिक सदस्यों ने जयंती आयोजन को लेकर अपने सुझाव एवं विचार रखे। बौद्ध कल्याण समिति द्वारा पिछले कई वर्षों से राजनांदगांव में डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर जयंती का ऐतिहासिक और भव्य आयोजन किया जाता रहा है।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते इस वर्ष भी सभी समाजजनों ने मिलकर आयोजन करने का निर्णय लिया। श्री श्रीरंगे ने बताया कि आमसभा में सर्वसम्मति से इस वर्ष पांच दिवसीय अंबेडकर जयंती महोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया है। हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य रैली और विविध सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती कार्यक्रम, 12 को बच्चों एवं महिलाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम, 13 को सुबह भव्य बाइक रैली, 14 को मुख्य जयंती समारोह सिविल लाइन जाली खाता राजनंादगांव में एवं 15 अप्रैल को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं समापन समारोह होगा। सभा में समाजजनों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।


