राजनांदगांव

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : महतारी सम्मेलन का आयोजन महिलाओं को मिल रही आर्थिक मजबूती
09-Mar-2026 9:15 PM
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : महतारी सम्मेलन का आयोजन महिलाओं को मिल रही आर्थिक मजबूती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मार्च।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गांधी सभागृह राजनांदगांव में महतारी सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह उपस्थित थे। इस दौरान पूर्व उपाध्यक्ष बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति खूबचंद पारख, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
पूर्व सांसद श्री  सिंह ने  कहा कि महिलाएं अब केवल पुरूषों के बराबर ही नहीं, बल्कि उनसे भी आगे बढऩे की क्षमता रखती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वभाव से बहुत धैर्यवान होती हैं और परिवार को संभालते सभी को साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि समाज और परिवार की मजबूती में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार और विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही है और अपनी प्रतिभा से नई पहचान बना रही हैं।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिल रही है। जिससे वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने योजना की राशि प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं को बधाई देते कहा कि यह पहल महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
पूर्व उपाध्यक्ष बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति  खूबचंद पारख ने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की मुख्य थीम लाभ के लिए दें है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने कौशल, ज्ञान और समय को साझा कर महिलाओं को सहयोग दें, तो इससे पूरे समाज और मानवता को लाभ होता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा को निखारने, उन्हें आगे बढऩे और देश-प्रदेश के नेतृत्व के लिए प्रेरित करना भी ज्ञान के दान का एक रूप है। उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा महतारी वंदन योजना से महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ही परिवार के पोषण और बच्चों के स्वास्थ्य में भी सुधार हो रहा है। शासन द्वारा कुपोषण को समाप्त करने और बच्चों को सुपोषित बनाने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं।
सीईओ सुरूचि सिंह ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने महिलाओं से पूछा कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत कितनी राशि मिलती है, तो उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक बताया कि उन्हें हर महीने एक हजार रुपए प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के पास तीन चीजें नहीं होनी चाहिए अशिक्षा, अस्वच्छता और कुपोषित बच्चा।
कार्यक्रम को प्रतिमा चंद्राकर, देवकुमार साहू, शीला सिन्हा, अनिता सिन्हा, शिव वर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सचिन बघेल, सांकेत साहू, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल,गुरूप्रीत कौर सहित बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाएं उपस्थित थी।


अन्य पोस्ट