राजनांदगांव
तापमान रहा सबसे न्यूनतम स्तर में, 8 डिग्री सेल्सियस में चली सर्दीली हवाएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जनवरी। साल का पहला सप्ताह यानी जनवरी 1 से 08 के बीच मौसम पूरी तरह से सर्द रहा। जनवरी का पहला सप्ताह सर्दीली हवाओं के आगोश में रहा। सर्द मौसम होने के कारण लोगों को जनवरी का महीना काफी सुहाना लगा। इस साल रिकार्डतोड़ ठंड पडऩे से सालों बाद लोगों को सुकुन का अहसास हुआ।
बीते कुछ सालों में जनवरी में ही गर्मी का अहसास होने से लोगों की बेचैनी बढऩे लगी थी। इस साल जनवरी में सर्द मौसम ने लोगों का साथ दिया। जनवरी का पहला सप्ताह सैर-सपाटे और पिकनिक तथा अन्य मनोरंजक गतिविधियों में गुजरा। परिवार के लोगों ने सार्वजनिक स्थलों में चैन की सांस ली।
बताया जा रहा है कि इस साल ला-नीना का प्रभाव बेअसर रहा। जिसके कारण सर्दीली हवाओं ने हर किसी को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया। पहाड़ी इलाकों में भी ठंड ने लोगों को खूब कंपकपाया। उत्तर भारत से पहुंची बर्फीली हवाओं ने कड़ाके की सर्दी के कारण लोगों को गर्म कपड़ों में रहने के लिए मजबूर किया।
इस साल न्यूनतम पारा 8 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम दिन का पारा 15 से 16 डिग्री सेल्यिस में स्थिर रहा। जनवरी में ठिठुरन कम होने का अनुमान रहता है। इससे परे ठंड ने सभी को चौंका दिया। ठंड के मौसम के कारण लोगों की दिनचर्या में काफी बदलाव दिखा। अलसुबह धूप खिलने का लोगों को बेसब्री से इंतजार रहा। दोपहर होने के बाद ठंड फिर से तेज होने लगी। कुल मिलाकर जनवरी का पहला सप्ताह पूरी तरह से सर्द मौसम के चपेटे में रहा।
इस बीच पारा गिरने से शीतलहर की स्थिति बनी रही। दिन में भी ठंडी हवाओं ने अपने प्रभावी असर से लोगों को कांपने के लिए विवश किया। माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिन में तापमान में बढ़ोत्तरी होने का सिलसिला शुरू होगा। 15 जनवरी के बाद तापमान में धीरे से उछाल आने का दौर शुरू होगा। ऐसे में ठंड में गिरावट आना तय है। मौसम विभाग का मानना है कि उत्तर भारत की बर्फीली हवाएं काफी प्रभावकारी है। ऐसे में रात और दिन का तापमान में ठंडकता रहेगी। राजनांदगांव समेत सभी आसपास के जिलों में ठिठुरन से लोगों को जनवरी का पहला सप्ताह रास आया।


