राजनांदगांव

पूर्व महापौर मधुसूदन के सामने कांग्रेस ने युवा चेहरे निखिल पर लगाया दांव
27-Jan-2025 2:54 PM
पूर्व महापौर मधुसूदन के सामने कांग्रेस ने युवा चेहरे निखिल पर लगाया दांव

पूर्व सांसद यादव को निगम की सियासत का बड़ा अनुभव, छात्र राजनीति से उभरे द्विवेदी कांग्रेस पर रहे कई पदों पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 27 जनवरी। राजनांदगांव नगर निगम की महापौर पद की टिकट को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने पूर्व सांसद व पूर्व महापौर मधुसूदन यादव पर भरोसा जताया है। जबकि कांग्रेस ने यादव के मुकाबले छात्र राजनीति से उभरे निखिल द्विवेदी पर दांव लगाया है।

यादव भाजपा की सियासत में मंझे हुए खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपने राजनीति की शुरूआत नगर निगम की सियासत से की थी। पार्षद रहते हुए यादव ने निगम अध्यक्ष और दो बार महापौर की कुर्सी सम्हाली।  इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय नेतृत्व में लोकसभा भी भेजा।  यादव की एक अनुभवी नेता के तौर पर अपनी पहचान कायम है। यादव साल 2015 से 2020 तक महापौर रहे। इससे पहले वह 2005 से 2010 तक महापौर शोभा सोनी के नेतृत्व में निगम अध्यक्ष भी रहे। राजनीतिक रूप से यादव को एक बेहतर प्रत्याशी मानकर चुनाव मैदान में महापौर की जंग लडऩे के लिए भेजा गया है।

उनके मुकाबले कांग्रेस ने बेहद ही युवा निखिल द्विवेदी को रण में उतारा है। 37 वर्षीय द्विवेदी छात्र राजनीति से उभरकर सामने आए हैं। एनएसयूआई के वह जिलाध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा वह प्रदेश युवक कांग्रेस के महासचिव भी रहे। द्विवेदी राष्ट्रीय युवक कांग्रेस में बतौर सचिव की जिम्मेदारी सम्हाली। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पर्यटन मंडल का सदस्य मनोनीत किया था। इस राजनीतिक लड़ाई में मधुसूदन यादव और द्विवेदी के बीच दोनों पार्टी के धाकड़ों की भी प्रतिष्ठा दांव पर रहेगी। यादव को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का करीबी माना जाता है। वहीं द्विवेदी बघेल के काफी नजदीकी नेता माने जाते हैं।

बात साफ है कि रमन और भूपेश की इस लड़ाई के बहाने साख दांव पर रहेगी। राजनीतिक हल्के में इस बात का अनुमान लगाया जा रहा है कि यह चुनावी लड़ाई काफी रोचक हो सकती है। कांग्रेस में द्विवेदी को मौका दिए जाने पर अंदरूनी तौर पर नाराजगी सुनाई पड़ रही है। भाजपा में भी यादव के खिलाफ कई नेताओं में असंतोष है। भाजपा की सियासत में यादव की लोकप्रियता पार्टी  के एक धड़े को चूभती रही है। बहरहाल 11 फरवरी को मतदान से पहले कांग्रेस-भाजपा तगड़ा मुकाबला होना तय है।

पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के जरिये मिलेगी जीत- द्विवेदी

महापौर पद के कांग्रेस प्रत्याशी निखिल द्विवेदी ने ‘छत्तीसगढ़’  से कहा कि पार्टी नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के जरिये जीत हासिल करेंगे। उन्होंने प्रदेशभर के नेताओं के अलावा राजनांदगांव के स्थानीय नेताओं का भी आभार व्यक्त किया है। द्विवेदी ने कहा कि भाजपा की मौजूदा राज्य सरकार की खामियों को लेकर वह जनता के बीच जाएंगे। उन्हें हर वर्ग से समर्थन मिल रहा है। भाजपा की हार निश्चित है।

 पिछला रिकार्ड तोड़ेंगे - कोठारी

भाजपा जिला महामंत्री सौरभ कोठारी ने कहा कि   पिछला रिकार्ड भाजपा के महापौर प्रत्याशी मधुसूदन यादव निश्चिततौर पर तोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुशासन को लेकर आज भी जनता में नाराजगी है। विधानसभा और लोकसभा में मिली हार से स्पष्ट है कि जनता ने कांग्रेस को पिछली सरकार में किए गए घोटाले और भ्रष्टाचार को लेकर माफी नहीं किया है। बड़े अंतर से यादव जीतेंगे। उनकी लोकप्रियता आज भी बरकरार है।


अन्य पोस्ट