राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 दिसंबर। जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत भर्रीटोला निवासी सशस्त्र सीमा बल के सिपाही, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड कमांडो रोहित कुमार ठाकुर को सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल में आयोजित सशस्त्र सीमा बल के 61वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुठभेड़ में असाधारण कोटि के विशिष्ट सेवा हेतु गेलेंट्री अवॉर्ड वीरता पदक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सीमा सशस्त्र बल के 61वीं वर्षगांठ के अवसर पर देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जिन्होंने अपने हाथों से एनएसजी कमांडो रोहित कुमार ठाकुर को वीरता पदक भेंटकर सम्मानित किया।
विशिष्ट सेवा के लिए मिलता है गेलेंट्री अवॉर्ड
वनांचल क्षेत्र भर्रीटोला में पूर्व जनपद सदस्य अनीता प्रताप सिंह ठाकुर के घर जन्में रोहित कुमार ठाकुर की शुरुआती पढ़ाई गांव के ही स्कूल में हुई जहां से वे कक्षा बारहवीं गणित संकाय तक पढ़ाई किए। पढ़ाई के दौरान ही देश सेवा में उनका पूर्ण रुचि रहा जिसे कठिन परिश्रम कर उन्होंने 2015 में सीमा सशस्त्र बल ज्वाइन किया। प्रशिक्षण पश्चात पहला पदस्थापना बिहार के राजनगर में हुआ जहां नेपाल सीमा में 2 वर्ष कर्तव्य निर्वहन किया, तत्पश्चात द्वितीय पदस्थापना के रूप में झारखंड के दुमका क्षेत्र में नक्सल ऑपरेशन दस्ता में शामिल हुए, जहां 3 वर्ष तक कर्तव्य निर्वहन कर ऑपरेशन टीम के साथ अदम्य साहस का परिचय देते अनेक दफा नक्सलियों के साथ फायर ऑफ एक्सचेंज में शामिल हुए, साथ ही एनकाउंटर भी किए। मुठभेड़ जैसे प्रतिकूल परिस्थितियों में असाधारण कोटि के विशिष्ट कार्य को सम्मानित करने भारत के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रोहित कुमार ठाकुर के वीरता को मान्यता देते वीरता पदक प्रदान किया है।