राजनांदगांव
.jpg)
अलसुबह नल के पास आकर छुपी थी आरोपिया, पत्थर से बार-बार किया था वार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 दिसंबर। डोंगरगांव के नया बस स्टैंड में एक वृद्ध महिला की हत्या की गुत्थी को 48 घंटे के भतीर सुलझाते पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कार्रवाई की। बताया गया कि उक्त वृद्ध महिला की हत्या पानी भरने को लेकर विवाद था। आरोपी महिला ने क्रूरतापूर्वक पत्थर से मारकर उक्त वृद्ध महिला की हत्या की थी। आरोपी महिला ने उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार कर अपना जुर्म कबूल किया। आरोपिया के कब्जे से रक्तरंजित कपड़ा पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की।
एएसपी राहुल देव शर्मा ने सोमवार को प्रेसवार्ता लेते बताया कि 30 नवंबर को प्रार्थी ने थाना में सूचना दी कि उसकी मां रूखमणी साहू की किसी अज्ञात आरोपी द्वारा हत्या कर दी। थाना डोंगरगांव में मर्ग कायम कर धारा 103(1) बीएनएस पंजीबद्ध किया गया। डोंगरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र शाह के नेतृत्व में डोंगरगांव थाना एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरा को खंगाला गया।
विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता चला कि उस दौरान आरोपिया भुनेश्वरी विश्वकर्मा और मृतिका रूखमणी साहू दोनों बस स्टैंड के शौचालय के पास नल में पानी भरने आए थे। संदेह के आधार पर भुनेश्वरी विश्वकर्मा (40) को मनोवैज्ञानिक रूप से गहन पूछताछ किया गया, जो अपना जुर्म स्वीकार करते बताई कि वे दोनों प्रतिदिन वहां पानी भरने आते थे।
पानी भरने के संबंध में अक्सर दोनों में विवाद होती रहती थी। जिससे आरोपिया अपने आप को मानसिक रूप से प्रताडि़त महसूस करती थी। इसी बात को लेकर आरोपिया भुनेश्वरी द्वारा योजनाबद्ध तरीके से हत्या करने की नियत से 30 नवंबर को रात्रि करीब 3.30 बजे मृतिका रूखमणी के नल के पास आने से पहले ही पहुंचकर अपने हाथ में पत्थर रखकर वार करने छुपकर खड़ी थी। रूखमणी लगभग 4 बजे अपने चारो पानी के डिब्बा को लेकर नल के पास आई, मौका देखकर आरोपिया भुनेश्वरी अपने हाथ में रखे पत्थर से रूखमणी के सिर में वार कर चोंट पहुंचाई, तब वह भागने लगी, लेकिन भुनेश्वरी पुन: उसे पकडक़र खींचकर नल के पीछे काम्प्लेक्स के पास घसीटकर ले गई और पास में रखे पत्थर से सिर में बार-बार वार किया एवं पुन: काम्प्लेक्स के पीछे ले जाकर हत्या कर दी और पत्थर को वहीं फेंक दिया। घटना में प्रयुक्त पत्थर को पुलिस ने जब्त किया और आरोपिया द्वारा जुर्म स्वीकार करने से 2 दिसंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया।