राजनांदगांव
.jpeg)
डीजे और साउंड सिस्टम पर प्रशासन सख्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 सितंबर। प्रदेश की ख्याति प्राप्त राजनांदगांव की गणेश विसर्जन झांकी की सुरक्षा व्यवस्था अन्य साल की तुलना में इस साल काफी सख्त रहेगी। पुलिस जहां सुरक्षा मोर्चे पर विसर्जन झांकी को शांतिपूर्वक निपटाने पर जोर दे रही है, वहीं प्रशासन ने ध्वनि प्रदूषण संबंधी गाईड लाईन के जरिये डीजे और साउंड सिस्टम संचालकों के लिए आवाज की क्षमता के लिए एक निश्चित सीमा तय कर दी है। प्रशासन ने सीधे तौर पर 55 डेसिबल से अधिक आवाज गूंजने पर कार्रवाई करने का फरमान जारी कर दिया है।
पिछले कुछ साल से डीजे और साउंड सिस्टम की बेतहाशा आवाज से लोगों की सेहत पर बुरा असर पडऩे लगा है। राजनांदगांव शहर में 17 सितंबर की रात को भव्य झांकियां निकलेंगी। झांकियों को लेकर लोगों का बरसों से एक खास लगाव रहा है। इसी कारण यहां की विसर्जन झांकी का नजारा देखने के लिए लोग रतजगा करते हैं।
युवा रातभर थिरकने में मस्त रहते हैं, वहीं बड़ी संख्या में लोग विसर्जन झांकी की अलौकिक गाथाओं का दृश्य देखने के लिए रातभर शहर में भ्रमण करते हैं। पुलिस के लिए विसर्जन झांकी सुरक्षा के लिहाज से काफी तनावभरी रात रहती है।
बताया जा रहा है कि विसर्जन झांकी में असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों पर नजर रखने के लिए पुलिस को अतिरिक्त ताकत झोंकनी पड़ती है। रात को आपसी दुश्मनी भांजने के लिए छुरी भी चलती है। पहले शहर में हत्याएं और चाकूबाजी की घटनाएं इस खास मौके पर होती रही है। आपराधिक घटनाओं को दोहराने के लिए उत्पाती लोग तैयार रहते हैं। इन तमाम परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस ने 800 जवानों को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी दी है।
बताया जा रहा है कि पुलिस हेडक्वार्टर से लेकर राजनंादगांव रेंज के अलग-अलग जिलों से बल मांगा गया है। दर्जनभर एएसपी और डीएसपी भी जवानों के साथ सुरक्षा मोर्चे में तैनात रहेंगे।
इस संबंध में एएसपी राहुल देव शर्मा ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि विसर्जन झांकी के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। पुलिस की अपनी तैयारी है। शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों में जवानों को तैनात किया जाएगा। उधर जिला प्रशासन के समक्ष झांकी निकालने की अनुमति के लिए आवेदनों का सिलसिला शुरू हो गया है।
एक जानकारी के मुताबिक 25 से ज्यादा झांकियां शहर के मुख्य मार्गों से गुजरेगी। पुलिस ने एक निश्चित रूट तय कर समितियों को जानकारी मुहैया करा दी है।
एसडीएम अतुल विश्वकर्मा के मुताबिक आज से आवेदन लिए जाएंगे। प्रशासन सरकार के निर्देशानुसार झांकियों की अनुमति और अन्य व्यवस्था करने तैयार है। राजनांदगांव कलेक्टर और एसपी ने गणेश समितियों और डीजे संचालकों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं।
इस बार डीजे संचालकों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन अभी से सख्त हो गया है। बहरहाल 17 सितंबर मंगलवार को शहर में आकर्षक और नयनाभिराम झांकियां का नजारा परंपरागत रूप से दिखाई देगा।