राजनांदगांव

बस्तर के नक्सली हिड़मा के गांव पूवर्ती का रहने वाला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जुलाई। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में हॉकफोर्स ने नक्सल मोर्चे में तैनाती के दौरान एक और कामयाबी हासिल करते 14 लाख के एक ईनामी नक्सली को मार गिराया है। मारा गया नक्सली बस्तर के खूंखार नक्सली हिड़मा के गांव पूवर्ती का रहने वाला है।
मिली जानकारी के मुताबिक हट्टा थाना क्षेत्र के कोठियाटोला के जंगल में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सोहन उर्फ उकास उर्फ आयतू पुलिस गोली का शिकार हुआ। आठ जुलाई को दोपहर बाद हॉकी फोर्स के जवान एक सर्च ऑपरेशन करने के लिए जंगल में घुसे।
हॉकफोर्स को सूचना मिली थी कि कुछ नक्सली सिविल कपड़ों में राशन-पानी इक_ा करने कोठियाटोला गांव आने वाले हैं। इस आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि दर्जनभर संदिग्ध जंगल में नजर आए। उन्हें रोकने की कोशिश की गई। जवाब में पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों के हमले के बाद जवानों ने भी मोर्चा सम्हाला और एक हार्डकोर नक्सली को 315 बोर रायफल और केनवुड वायरलेस सेट के साथ मार गिराया।
इस संबंध में बालाघाट आईजी संजय कुमार ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि मारे गए नक्सली की पहचान हो गई। वह बस्तर के पूवर्ती गांव का रहने वाला है। आईजी ने नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि पुलिस के हाथों ढेर हुआ नक्सली सोहन कान्हा-भोरमदेव डिवीजन एरिया कमेटी का सदस्य था। वह 2013 में नक्सली के तौर पर भर्ती हुआ था। पुलिस के मुताबिक वह आईईडी एक्सपर्ट था। उस पर महाराष्ट्र में 6, छत्तीसगढ़ में 5 और मध्यप्रदेश में 3 लाख रुपए का ईनाम घोषित था।
पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ में कुछ और नक्सली जख्मी हुए हैं। जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। बालाघाट जिले में लगातार नक्सली मारे जा रहे हैं।