राजनांदगांव

पहले चरण में नांदगांव संसदीय क्षेत्र की 8 सीटों पर पड़ेंगे मत, 17 लाख वोटर चुनेंगे नई सरकार
09-Oct-2023 4:35 PM
पहले चरण में नांदगांव संसदीय क्षेत्र की 8 सीटों पर  पड़ेंगे मत, 17 लाख वोटर चुनेंगे नई सरकार

चुनावी बिगुल बजते ही राजनीतिक दल सक्रिय, धारा 144 लागू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 अक्टूबर।
विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। केंद्रीय चुनाव आयोग ने छत्तीसगढ़ में दो चरणों में मतदान कराने का ऐलान किया है। पहले चरण में बस्तर के साथ राजनांदगांव संसदीय खेत्र की 8 विधानसभा सीटों पर मतदाता नई सरकार चुनने के लिए मतों का प्रयोग करेंगे।

राजनंादगांव संसदीय क्षेत्र के 8 सीट में लगभग 17 लाख से ज्यादा मतदाता हैं। चुनाव तारीख के ऐलान के तहत 7 नवंबर को आठों सीटों पर वोट डाले जाएंगे। सियासी लड़ाई के लिए राजनीतिक दलों को चुनाव आयोग के तारीखों का बेसब्री से इंतजार था। यह पहला मौका है, जब कवर्धा जिले की दो सीटों को भी पहले चरण में शामिल किया गया है। राजनीतिक रूप से इस चुनाव में काफी घमासान मचेगा। मुख्य राजनीतिक दल कांग्रेस और भाजपा आपस में एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए  जोर आजमाईश करेंगी। 

मुख्य मुकाबला दोनों दल के बीच होना है। हालांकि कुछ पार्टियां राजनीतिक रूप से एक-दूसरे को नुकसान पहुंचाने का उद्देश्य लेकर वोट काटने की कवायद भी करेगी। राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र में औसतन हर विधानसभा में दो लाख से ज्यादा मतदाता हैं। महिला और पुरूष मतदाता की खासी तादाद है। नक्सल क्षेत्र होने के कारण राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र के सभी आठ सीटों को पहले चरण में शामिल किया गया है। 

बस्तर और राजनंादगांव संसदीय क्षेत्र में पिछले साल भी पहले चरण में मत डाले गए थे। आम मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया से जोडऩे के लिए प्रशासन तैयारी में जुट गया है। सुरक्षा के मद्देनजर नक्सल क्षेत्रों के ज्यादातर बूथ पैरामिलिट्री फोर्स के हवाले होंगे। चुनाव के लिए केंद्र सरकार ने राजनांदगांव, खैरागढ़ और मोहला-मानपुर के लिए कंपनियों को  तैनात कर दिया है। इस बीच चुनाव तिथि की घोषणा होते ही राजनीतिक दल पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं। वहीं आचार संहिता लागू होते ही तमाम घोषणाएं, उद्घाटन, शिलान्यास समेत अन्य सरकारी कार्यक्रम में तत्काल रोक लग गई। प्रशासन की ओर से राजनीतिक दलों के बैनर-पोस्टरों को निकालना शुरू कर दिया है। साथ ही सत्तारूढ दल के नेताओं को मिली सरकारी गाडिय़ां स्टेट गैरेज में जमा की जाएगी।

विधानसभा में मतदाताओं की संख्या
राजनांदगांव 2 लाख 11 हजार
डोंगरगांव 2 लाख 2 हजार
खुज्जी एक लाख 91 हजार
डोंगरगढ़ 2 लाख 9 हजार
मोहला-मानपुर एक लाख 60 हजार
खैरागढ़ लगभग 2 लाख

छग में फिर किसानों की सरकार - नवाज
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। 75 पार का नारा सार्थक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हर वर्ग को आर्थिक रूप से संबलता प्रदान की। वह देश के इकलौते ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने गोबर, गौमूत्र की खरीदी की। तेन्दूपत्ता संग्रहण से लेकर वनोपज को उच्च समर्थन मूल्य में खरीदा। नौजवानों को नौकरी पेशे के लिए भरपूर समय दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी लड़ाई से बाहर है। इस चुनाव में भाजपा दहाई अंक तक नहीं पहुंचेगी।

बन रही राज्य में भाजपा सरकार - अभिषेक
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार का बनना तय है। इसके लिए राज्य में अनुकूल परिस्थितियां भी है। वजह यह है कि कांग्रेस सरकार ने हर तबके को ठगने का काम किया। सडक़ें बुरी दशा में है। सडक़ में गड्ढे हैं या गड्ढों में सडक़ है यह समझना मुश्किल है। पीएम आवास योजना को साजिश के तहत रोका गया। पीएससी में हुए घोटाले से नौजवानों में बेहद आक्रोश है। शराबबंदी का वादा को पूरा करने के बजाय सरकार ने अवैध तस्करी का अड्डा बना दिया। नालियां, सडक़ें जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए आज तरस रहे हैं। चक्काजाम के जरिये लोग सडक़ बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की जनता बदलाव के मूड में है। निश्चित रूप से भाजपा राज्य में सत्तासीन होगी।
 


अन्य पोस्ट