राजनांदगांव

गौठानों की रमन ने खोली पोल, कहा-भ्रष्टाचार का है नमूना
22-May-2023 12:11 PM
 गौठानों की रमन ने खोली पोल, कहा-भ्रष्टाचार का है नमूना

राजनांदगांव, 22 मई। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार को ग्राम पंचायत मुढ़ीपार नवागांव एवं ग्राम ईरा में भाजपा संगठन के महत्वपूर्ण कार्यक्रम  चलबो गोठान खोलबो पोल अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत मुढ़ीपार नवागांव गौठान का निरीक्षण भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की उपस्थिति में किया।

डॉ. रमन सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गौठान का निरीक्षण करने में यह भी पाया गया कि गौठान में एक पैरा नहीं है। डॉ. सिंह ने बताया कि चलबो-गोठान, खोलबो पोल अभियान के तहत निरीक्षण करने से भूपेश बघेल सरकार की सारी पोल खुल गई। गौठान में पूरी तरह अव्यवस्थता देखने को मिला। भ्रष्टाचार की सारे हदें पार कर दी गई है। ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री को जानकारी देते बताया कि गांव के विकास हेतु केंद्र एवं राज्य सरकार से जो पैसा आता है वह दबावपूर्वक घोटालों में खर्च कराया जाता है, परंतु आज दिनांक तक घोटालों के कारण गौठान की स्थिति शून्य है, सिर्फ  खर्च कर कागजी खाते में पैसा चढ़ाना सरकार की नियति बन चुकी है। गौठानों के माध्यम से भ्रष्टाचार की नई कहानी गढ़ी जा रही है। जिसके कारण  पंचों में सरपंच के प्रति भारी आक्रोश है।
 

डॉ. सिंह ने कहा कि नवागांव के इस गौठान में लोहे के स्ट्रक्चर को बनाया गया है, परंतु शेड निर्माण नहीं किया गया है। सबसे आश्चर्य की बात यह है कि गौठान में पानी तक नहीं है। डॉ. सिंह ने भूपेश सरकार पर तीखा हमला करते कहा कि गांव की संस्कृति और गौमाता की बात सिर्फ  कागजों में ही सीमित है। मौके पर देखने पर सरकार की कथनी और करनी में अंतर दिखाई पड़ता है। डॉ. सिंह ने कहा कि प्रत्येक गौठान पर 19 लाख रुपए खर्च करने की बात प्रदेश की सरकार कर रही है, परंतु मौके पर देखने से पता चलता है कि सरकार झूठ बोल रही है और जनता को बेवकूफ बनाने का कार्य कर रही है। डॉ. सिंह ने कहा कि गौठान के निरीक्षण के माध्यम से जनता के बीच जाकर गौठान की वास्तविक स्थिति का आंकलन कर, निरीक्षण फार्म में जनता का हस्ताक्षर करवाकर प्रमाणित करने का कार्य भाजपा कर रही है। प्रदेश की सभी गौठानों का निरीक्षण भाजपा के नेता एवं कार्यकर्ता कर रहे हैं। जिससे आने वाले चुनाव में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

गौठान निरीक्षण कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रमेश पटेल, सावन वर्मा, कृष्णा तिवारी, तरुण लहरवानी,  नवागांव सरपंच मेघा ठाकुर,  राधेश्याम गुप्ता,  योगेश निर्मलकर,  कनक दुबे, कृष्णा साहू, महेश साहू,  मनहरण साहू, संदीप साहू,  गोपाल साहू,  खिलेश्वर साहू,  अजय साहू,  हरिशंकर देशमुख,  छबील यदु,  सागर ताम्रकार,  दोमेश साहू,  धुमेश्वर निषाद,  अमर दास साहू,  सुरेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जनउपस्थित थे।


अन्य पोस्ट