राजनांदगांव

कलेक्टर ने की गौठान योजना की समीक्षा
02-Nov-2022 4:03 PM
कलेक्टर ने की गौठान योजना की समीक्षा

गौठानों में सप्ताहभर के अंदर गोबर की खरीदी प्रारंभ करने निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 नवंबर।
कलेक्टर डोमन सिंह ने सोमवार को गौठान समूह से जुड़े अधिकारियों की बैठक लेकर गौठान कार्यक्रम के संचालन और प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि गौठान योजना महिला समूह के लिए रोजगार का सृजन करने और आय अर्जित करने का सशक्त माध्यम है। इसके माध्यम से महिला समूह अग्रणी भूमिका के साथ अपनी सार्थकता को साबित कर सकती है।

उन्होंने कहा कि सभी गौठान में महिला समूह को जोडक़र उन्हें आय अर्जित करने के लिए मेगा प्लान तैयार करें। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में अभी तक गौठान स्वीकृति नहीं हुआ है, वहां जगह चिन्हाकित कर अनिवार्य रूप से गौठान कार्यक्रम संचालित करें।  उन्होंने हिदायत देते कहा कि शत-प्रतिशत गौठानों में गोबर खरीदी की प्रक्रिया 1 सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से प्रारंभ हो जानी चाहिए। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि गौठान योजना शासन की महत्वपूर्ण और फ्लैगशिप योजना है। इसका क्रियान्वयन और संचालन गुणवत्ता के साथ प्राथमिकता से होनी चाहिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित करते कहा कि वे गौठानों का नियमित रूप से भ्रमण करें। गौठानों  का नियमित रूप से भ्रमण करने के साथ ही महिला समूह को गौठान कार्यक्रम से जोडक़र, लाभान्वित करने की दिशा में सार्थक प्रयास भी करें।

कलेक्टर ने गौठानों में वर्तमान में गोबर खरीदी की स्थिति और बनाए गए कंपोस्ट खाद की भी जानकारी ली। जिन गौठानों में कंपोस्ट खाद रखा हुआ है, उसके विक्रय के लिए रबी फसल की सीजन में किसानों के माध्यम से करने कहा है। कलेक्टर ने बैठक में रीपा कार्यक्रम के अंतर्गत गौठानों में मल्टी एक्टिविटी संचालित करने के संबंध में जानकारी दी।

कलेक्टर ने कहा कि महिला समूह द्वारा बनाए गए उत्पादों की बिक्री के लिए प्लान बनाएं। सी-मार्ट के माध्यम से महिला समूह की उत्पादों की बिक्री के लिए हरसंभव प्रयास करें। इस अवसर पर कलेक्टर ने कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन विभाग द्वारा गौठानों में किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी ली।

कलेक्टर ने कहा कि अधिकारीगण लगातार नवाचार कार्यक्रम निर्धारित करें। जिससे महिला समूह को अलग-अलग समय पर अलग-अलग क्रियाकलाप करने का अवसर मिले और आय अर्जित करने के लिए नये स्रोत बनता रहे। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अमित कुमार, अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ दिलीप कुमार कुर्रे सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट