राजनांदगांव

डोंगरगढ़ के पूर्व जनपद सीईओ ने निजी खाते में जमा कराए सरकारी धन
02-Nov-2022 2:07 PM
डोंगरगढ़ के पूर्व जनपद सीईओ ने निजी खाते में जमा कराए सरकारी धन

पूर्व जिलाध्यक्ष मधुसूदन और पूर्व विधायक रामजी ने किया भंडाफोड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 नवंबर।
डोंगरगढ़ के पूर्व जनपद सीईओ लक्ष्मण कुमार कचलाम के कार्यकाल में हुई आर्थिक गड़बडिय़ों को लेकर बुधवार को जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मधुसूदन यादव और पूर्व विधायक रामजी भारती ने कई गड़बडिय़ों का खुलासा किया।  
कचलाम पर सरकारी योजना की राशि को निजी खाते में जमा करने और अन्य योजनाओं की राशि पर बंदरबांट का आरोप लगा है। तत्कालिक मुख्य कार्यपालन अधिकारी की हैसियत से कचलाम ने जनपद पंचायत के डोंगरगढ़ स्थित एक्सिस बैंक के खाता से अपने दल्लीराजहरा स्थित एसबीआई के खाते में दो लाख रुपए एनईएफटी द्वारा हस्तांतरित करने का आरोप लगा है। वहीं स्वामी विवेकानंद प्रोत्साहन योजना की राशि को बिना प्रस्ताव व सहमति के खर्च करने का भी आरोप है। इस मामले में उक्त खाते से  कांग्रेस समर्थित डोंगरगढ़ जनपद अध्यक्ष भावेश सिंह को उनके निजी खाते में एक लाख रुपए भी दिया गया है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि यह एक गंभीर अपराध है। सरकारी योजना के धन को कांग्रेस नेताओं को लाभ पहुंचाने के इरादे से रकम दिया गया है। इस मामले में जनपद अध्यक्ष भावेश पर भी आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई है। इसके अलावा पूर्व सीईओ पर उक्त योजना की राशि से 10 लाख 4 हजार रुपए का भुगतान जनपद पंचायत के 31 विभिन्न ग्राम पंचायतों में ट्रेकसूट खरीदी के लिए राशि हस्तांतरित की गई। इस कार्य के लिए भी पूर्व सीईओ क्रियान्वयन समिति से प्रस्ताव नहंी लिया और न ही ग्राम पंचायतों को आदेशित किया गया।

पूर्व अध्यक्ष यादव और पूर्व विधायक रामजी भारती ने आरोप लगाया कि डोंगरगढ़  जनपद के पूर्व जनपद सीईओ बिना स्वीकृति के राज्य पिछड़ा वर्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष दलेश्वर साहू को भी राशि प्रदान की है। इसी दौरान लोक मडई कार्यक्रम में अन्य व्यय के लिए जैन होटल तुमड़ीबोड को भी लगभग 70 हजार रुपए दिए गए। पूर्व सीईओ ने उक्त राशि को डोंगरगांव नगर पंचायत को भी प्रदान किया, जो कि नियमत: गलत है। अन्य आरोपों के साथ भाजपा नेताओं ने सीईओ और संबंधित लोगों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

 


अन्य पोस्ट