राजनांदगांव

छुरिया के पल्लीवार दंपत्ति पर जमीन मामले में धोखाधड़ी का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 अक्टूबर। जिले के छुरिया के एक दंपत्ति की धोखाधड़ी के मामले में अदालत से जमानत याचिका खारिज होने के छह माह गुजर जाने के बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीडि़त पक्ष लगातार पुलिस महकमे के आला अधिकारियों से न्याय लगाने चक्कर काट रहा है। वहीं दंपत्ति पर पुलिस की कथित मेहरबानी होने से कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है।
बताया जा रहा है कि प्रवीण पल्लीवार और उनकी पत्नी प्रतिमा पल्लीवार पर एक किसान को उधार देने के आड़ में उसकी जमीन रजिस्ट्री कराने का आरोप है। बिसौहाराम नामक किसान ने अदालत में परिवाद दायर कर न्याय की गुहार लगाई थी। स्थानीय अदालत में पीडि़त के पक्ष में फैसला सुनाते पल्लीवार जोड़े के विरूद्ध 420 के तहत मामला दर्ज गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया। छह माह से अधिक वक्त गुजर जाने के बाद भी आरोपी दंपत्ति फरार है। पुलिस की टीम आरोपियों की गिरफ्तारी में गंभीर नहीं दिख रही है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में पीडि़त पक्ष ने एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के समक्ष आरोपियों पर कार्रवाई नहीं करने की शिकायत की है। आरोपियों ने बेहद चालाकी से पीडि़त के नाम भुगतान के लिए चेक दिया और उससे बाद में चेक छीन लिया। इस मामले को लेकर पीडि़त किसान ने कई बार आरोपी दंपत्ति से रकम या जमीन वापस करने की मांग की, लेकिन दोनों उसे टालते रहे। आखिरकार आरोपियों के खिलाफ किसान ने छुरिया थाना में शिकायत की। पीडि़त पक्ष का कहना है कि आरोपी बेखौफ होकर छुरिया नगर में ही घूम रहे हैं।
पुलिस को उनके संबंध में विस्तृत जानकारी है। इस संबंध में एएसपी लखन पटले ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि मामले की जांच चल रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इधर प्रवीण पल्लीवार और उनकी पत्नी के खिलाफ लगे आरोपों को लेकर पुलिस का रूख बेहद ढ़ीला है। पल्लीवार पर पहले भी पुलिस में आपराधिक प्रकरण दर्ज है। अवैध शराब के मामले में वह जेल भी जा चुका है।