राजनांदगांव

सद्बुद्धि यज्ञ के बाद हड़ताली कर्मियों ने निकाली महारैली
29-Jul-2022 4:12 PM
सद्बुद्धि यज्ञ के बाद हड़ताली कर्मियों ने निकाली महारैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 जुलाई। 
छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन ने हड़ताल के 5वें दिन कर्मचारियों ने सरकार को सद्बुद्धि दिलाने के लिए यज्ञ किया। 5वें दिन के हड़ताल में शामिल होने के लिए जिलेभर के कर्मी पहुंचे। यज्ञ के पश्चात एक महारैली का आयोजन कर शहर में कर्मचारियों ने भ्रमण किया। स्थानीय कलेक्टोरेट के सामने धरनास्थल में यज्ञ करते सरकार को सद्बुद्धि दिलाने के लिए कर्मियों ने आहुति भी दी।  पिछले 5 दिनों से जिलेभर के करीब 20 हजार से ज्यादा सरकारी कर्मचारी आंदोलनरत हैं।

बताया गया है कि आंदोलन का आज अंतिम दिन है। अब तक सरकार की ओर से हड़ताली कर्मचारियों की मांग को लेकर सकारात्मक संकेत नहीं मिले हैं। ऐसे में हड़ताली कर्मियों का गुस्सा चरम पर है। एक जानकारी के मुताबिक सोमवार से कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल में जा सकते हैं। प्रदेश की भूपेश सरकार के खिलाफ रैली के दौरान कर्मियों ने होश में आने जैसे नारे लगाए। हाथों में तख्तियां लेकर निकले कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिसमें प्रमुख रूप से 34 प्रतिशत भत्ता देने की मांग के अलावा अन्य मांगों पर तुरंत गौर करने के लिए नारेबाजी की गई। इससे पहले प्रदर्शन स्थल पर जिलेभर के कर्मचारियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इसके बाद एक बड़ी तादाद में कर्मचारी महारैली में शामिल होते हुए शहर की ओर बढ़े। यह पहला मौका है, जब जिलेभर में एकमुश्त सभी विभागों के कर्मचारियों ने अपनी मांग को लेकर हड़ताल का रूख किया। जिसके चलते सभी तरह के सरकारी कार्य ठप पड़े हुए हैं।
आज कर्मचारियों ने महारैली में ताली बजाकर भी सरकार को जगाने का प्रयास किया।
वहीं सरकार को चुनौती देते हुए अगले कुछ दिनों में लंबी लड़ाई लडऩे का भी संकल्प दोहराया।
 


अन्य पोस्ट