महासमुन्द

पुलिस-आरोपी में सांठगांठ, 4 आरक्षक निलंबित, गांजा तस्कर को छोड़ दिया था
07-Sep-2025 6:52 PM
पुलिस-आरोपी में सांठगांठ, 4 आरक्षक निलंबित, गांजा तस्कर को छोड़ दिया था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 सितंबर। महासमुंद जिले में पुलिस-आरोपी की सेटिंग का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस पर आरोप है कि गांजा तस्करी करने वाले आरोपी से महासमुंद पुलिस ने 20 किलो गांजा के साथ पकड़ा था, लेकिन कथित सेटिंग के बाद छोड़ दिया। इसके बाद उक्त आरोपी ने गांजा कहीं बेच दिया। उसके बाद वह कबीरधाम पुलिस ने दशरंगपुर चौकी क्षेत्र में 500-500 के 15 नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया।

उक्त गिरफ्तारी में उसने खुलासा किया कि महासमुंद पुलिस के जवानों के साथ ओडि़शा से गांजा लाते समय सेटिंग हुई है और उसका नकली नोटों का भी कारोबार है। इस खुलासे के बाद महासमुंद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। इस मामले में महासमुंद पुलिस अधीक्षक ने 4 आरक्षकों को सस्पेंड कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी भीखम चंद्रवंशी कबीरधाम जिले के ग्राम मोहतरा थाना पांडातराई का रहने वाला है। वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बाइक में ओडिशा गया था। जहां से गांजा खरीदकर वापस लौट रहा था कि बीते 5 सितंबर को पिथौरा पुलिस ने उसे 20 किलो गांजा के साथ पकड़ लिया। कबीरधाम पुलिस को आरोपी का ही बयान है कि उसने महासमुंद पुलिस से 60 हजार रुपए में सेटिंग कर ली। इसका ऑनलाइन पेमेंट एक ढाबा संचालक के अकाउंट में किया गया।

मामला सामने आते ही महासमुंद एसपी आशुतोष सिंह ने चार आरक्षकों को निलंबित कर दिया है। जानकारी के मुताबिक पटेवा से छूटने के बाद भीखम अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान कबीरधाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। जिस पर दशरंगपुर चौकी के पास जब उसकी तलाशी हुई तो 500-500 रुपए के 15 नकली नोट बरामद हुए। उसके पास गांजा तो नहीं मिला। लेकिन पुलिस को नकली नोटों के नेटवर्क की अहम जानकारी हाथ लगी है।

पुलिस पूछताछ में भीखम ने स्वीकार किया है कि वह लंबे समय से जाली नोटों का धंधा कर रहा है। वह 50 हजार तक नकली नोट जुए में खपा चुका है। आरोपी ने 3 से 4 लाख रुपए तक नकली नोट बाजार में चलाए हैं। एक महीने पहले भी वह नकली नोट के शक में पकड़ा गया था। लेकिन सबूत न मिलने के कारण छूट गया था।

डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर कवर्धा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ  बीएनएस की धारा 179 और 180 के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में प्रारंभिक पूछताछ में ओशिा नेटवर्क की पुष्टि हुई है। टीम जल्द ही ओडि़शा रवाना होगी। जबकि एसपी आशुतोष सिंह महासमुंद ने कहा है कि गांजा तस्कर से सेटिंग कर छोडऩे के आरोप में चार आरक्षकों को निलंबित किया गया है। जांच चल रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ  कड़ी कार्रवाई होगी। यह विभागीय जांच का मामला है। इसीलिए निलंबित पुलिस कर्मियों का नाम उजागर नहीं किया जा सकता।

गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह गांजा तस्करी करते-करते ओडि़शा के एक सप्लायर के संपर्क में आया। वहीं से उसे नकली नोटों का काम मिला। वह 10 हजार रुपए के असली नोट देकर 50 हजार रुपए तक के नकली नोट खरीद लेता और इन्हें जुए तथा अलग-अलग जगहों पर खपा देता था। कबीरधाम पुलिस अब ओशिा जाकर इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश करेगी।


अन्य पोस्ट