महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 दिसंबर। महामसुंद जिले के धान खरीदी केंद्रों में अब बड़ी क्षमता के साथ खरीदी की जा रही है। शुरुआती दिनों में तय लिमिट को हटाकर अब रोजाना 2 लाख क्विंटल धान 149 समितियों के माध्यम से खरीदी जा रही है। जिले में बुधवार देर रात तक 51 हजार 412 किसानों से 17 लाख 88 हजार क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी थी। खरीदी की रफ्तार बढऩे के साथ ही उठाव धीमा पड़ गया है। अब तक खरीदी हो चुके 17.88 लाख क्विंटल धान के एवज में केवल 2.91 लाख क्विंटल धान का ही उठाव हो पाया है। उठाव की इस रफ्तार से समितियों में जाम की स्थिति बनने लगी है।
जानकारी अनुसार जिले के धान खरीदी समितियों से उठाव शुरू हो गया है। मिलर्स मिलिंग के लिए धान उठा रहे हैं। अभी तक 2 लाख 91 हजार क्विंटल धान का मिलिंग के लिए मिलर्स ने उठाव कर लिया है। उठाव की रफ्तार बढ़ाने के लिए ट्रांसपोर्टरों से संग्रहण केंद्र के लिए उठाव कराना आवश्यक हो गया है, लिहाजा लिमिट बढ़ गई है। अब धान की बंपर आवक समितियों में शुरू हो गई है। जिले के एक लाख 50 हजार 345 पंजीकृत किसान 2.19 लाख हेक्टेयर में धान की फसल लिए थे और जिला प्रशासन की ओर से 17 लाख 88 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जानी है। अब तक 501 हजार 412 किसानों ने धान बेचा है और 3. 40 अरब रुपए किसानों के खातों में जमा हो चुका है। इस बार जिले में 85 लाख क्वि.धान खरीदी का लक्ष्य है।
जिला विपणन अधिकारी जयदेव सोनी के मुताबिक सभी किसान टोकन के आधार पर अपना धान बेंचने समितियों में पहुंचे रहे हैं। किसानों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हो रही है। व्यवस्था के साथ-साथ लिमिट बढ़ाई जा रही है। बुधवार देर रात तक 17 लाख 88 हजार क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। वहीं समितियों से उठाव भी शुरू हो गया है। अब तक दो लाख 91 हजार क्विंटल धान का उठाव मिलर्स मिलिंग के लिए कर चुके हैं।