महासमुन्द

प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्र की गरीब महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही-विधायक नंद
18-Nov-2021 6:26 PM
प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्र की गरीब महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बना रही-विधायक नंद

अंतिम ब्लॉक स्तरीय बिहान मेले में ढाई लाख की बिक्री, बिहान दीदियों के खिले चेहरे, बिखरी मुस्कान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,18  नवंबर। जि़ले के महासमुंद सहित सभी पांचों विकासखंडों में अलग-अलग तारीख़ों में किए जा रहे बिहान मेला का कल अंतिम बिहान मेला था। यह आयोजन सरायपाली के हाईस्कूल के खेल मैदान में आयोजित हुआ। मेले में स्व-सहायता समूह द्वारा उत्पादित विभिन्न सामग्रियों की 2 लाख रुपए की बिक्री हुई, वहीं विभिन्न विभागों से कार्यालय उपयोगी सामग्री के 50 हज़ार रुपए के ऑर्डर मिलें। समूह की महिलाओं के चेहरे पर ख़ुशी की झलक साफ़ दिखाई दे रही थी।  जिला स्तरीय बिहान मेला 19 नवम्बर को जिला मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा।

सरायपाली विधायक एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष कि़स्मतलाल नंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अमृत पटेल, कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जि़ला पंचायत एस.आलोक सहित एसडीएम सरायपाली नम्रता जैन सहित विभिन्न विभागों के जि़ला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्य अतिथि कि़स्मतलाल नंद ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्र की गरीब महिलाओं को आर्थिक रूप से संपन्न करने के लिए बिहान योजना से जोडक़र रोजगार मूलक कार्य उपलब्ध करा रही है। इस योजना ने ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी में खुशहाली लाई है, साथ ही स्वसहायता समूह के रूप में संगठित कर उन्हें क्षमतावर्धन आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर स्वरोजगार प्रदान किया जा रहा है। आज महिलाएं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना से जुडक़र स्वरोजगार की ओर अग्रसर होकर अपने सपने को साकार कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक तौर पर सशक्त बनाने की एक अनूठी पहल है। इस योजना से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्व-सहायता समूहों को कौशल विकास उन्नयन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिससे महिलाएं स्वरोजगार प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें। जिससे स्वसहायता समूह की महिलाओं की आर्थिक स्थिति और सुदृढ़ हो सकें।

कलेक्टर डोमन सिंह ने बनाए गए स्वादिष्ट छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की तारीफ़ करते हुए कहा कि स्थानीय खान-पान का अपना अलग ही स्वाद होता है। इसमें माटी की महक होती है। उन्होंने सामग्री की पैकेजिंग पर और ध्यान देने की ज़रूरत बतायी। उन्होंने कहा कि महासमुंद जि़ले के सभी पांचों विकासखंडों में बिहान मेला का आयोजन किया गया है। जहां अच्छी बिक्री हुई। लोग आपके द्वारा बनायी गई सामग्रियों से रु-ब-रु हुए और उन्होंने खऱीददारी भी की है।

बिहान मेले का मक़सद बताते हुए उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों के बिक्री को और बढ़ावा मिले उन्हें एक अच्छा मार्केट मिले, लोग उनके हाथों के हुनर से वाकिफ़़ हों । कलेक्टर ने कहां बिहान मेला महासमुंद विकासखंड से शुक्रवार 12 नवंबर से शुरू हुआ था। इस मेले में समूह द्वारा बनाई गई विभिन्न सामग्रियों की बिक्री की गयी। महासमुंद में पहले दिन डेढ़ लाख रुपए की बिक्री हुई। वही बागबाहरा में  1 लाख 52  हज़ार और पिथौरा में 45 हज़ार के विभिन्न उत्पादनों की बिक्री हुई सरकारी कार्यालयों के लिए बिहान समूह की महिलाओं को ऑर्डर मिले। सभी बिहान मेला में सैलानियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। उन्होंने महासमुंद जिला मुख्यालय में 19 नवंबर को आयोजित जि़ला स्तरीय बिहान मेला में समूह की महिलाओं को आमंत्रित किया।

उन्होंने कहा कि इन बिहान मेला में लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिला। लोगों ने रसोई उपयोगी सामग्री, सजावटी सामान और बाथरुम में उपयोगी सामग्री खऱीदी। बिहान मेला में अधिकारियों ने कार्यालय में उपयोगी सामग्री की खऱीदी की। अतिथियों द्वारा बिहान समूह के सभी स्टॉलो का अवलोकन किया। आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी लुत्फ उठाया।

श्री नंद ने सांस्कृतिक दल को विधायक निधि से पंद्रह हज़ार रुपए का राशि दी। बिहान समूह की दीदियों के द्वारा हस्तनिर्मित सामग्रियों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों के बारिकियां तथा उनके द्वारा उत्पादित सामग्रियों की ऑनलाईन बिक्री की प्रक्रिया आदि के बारे में भी विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। बिहान मेले में नागरिकों का प्रवेश  निशुल्क था।


अन्य पोस्ट