महासमुन्द

स्व-सहायता समूह ने केक से 1 माह में कमाए 36 हजार
07-Aug-2021 5:56 PM
स्व-सहायता समूह ने केक से 1 माह में कमाए 36 हजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 अगस्त। ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक विकास के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी ब्लॉक में महिला स्व सहायता समूहों के लिए कई प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जा रही है। जिला प्रशासन के विशेष पहल पर महिला स्वसहायता समूह के उत्पादित सामग्रियों को सिरपुर के ब्रांड नाम से बेचा जा रहा है। इसके लिए जिला मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालयों में सामग्रियों के विक्रय के लिए स्टॉल शुरू किए गए हैं। इसी के तहत बावनकेरा पंचायत की जय मां शारदा महिला स्वसहायता समूह ने केक के ऑर्डर से 1 माह में ही 36 हजार रुपए की आमदनी की है।

इसके लिए समूह की सदस्यों को गांव में ही जून 2021 में बेकरी उत्पाद बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया गया था। इसके बाद से ही समूह ने केक बनाने के लिए ऑर्डर लेना शुरू किया। समूह की पदाधिकारियों ने बताया कि उन्हें गांव में ही कुल 120 नग जन्मदिन, सालगिरह सहित अन्य समारोह के लिए केक बनाने का ऑर्डर मिला। इसको बेचकर 36 हजार रुपए का मुनाफा कमा चुकी हैं। इसी तरह बागबाहरा ब्लॉक के कोमाखान की एकता महिला ग्राम संगठन महिला स्वसहायता समूह के सदस्यों ने बताया कि गांव के 12 समूह मिलकर हैण्डवॉश, फिनाईल, वाशिंग पाउडर, आचार, बड़ी, पापड़ का निर्माण करती हैं। उन्हें अब सिरपुर ब्रांड के नाम से सामग्रियों की बिक्री करने का मौका मिल रहा है। समूह की महिलाओं को पहले सामग्री निर्माण करने के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। सदस्यों ने बताया कि आजीविका मिशन के तहत 15 हजार रुपए की चक्रीय निधि दी गई थी, जिससे समूह की महिलाओं ने व्यवसाय शुरू किया था। इसके बाद सामुदायिक निवेश कोष के तहत 60 हजार रुपए प्रदान किया गया था।


अन्य पोस्ट