धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 4 जुलाई। रत्नाबांधा कॉलेज मोड़ स्थित युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर महापौर विजय देवांगन, कांग्रेस जिला अध्यक्ष शरद लोहाना, सभापति अनुराग मसीह एवं पार्षदगणों द्वारा माल्यार्पण कर श्रध्दा सुमन अर्पित किया गया।
इस अवसर पर महापौर विजय देवांगन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अपने विचार धारा से सबको प्रेरित किये। उन्होंने कहा था-उठो जागो और तब तक न रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो। स्वामी विवेकानंद का जीवन और उनका संदेश व प्रवचन दुनिया के लाखों लोगों को प्रभावित किया, वह विद्वता और प्रेरणा के बड़े स्रोत माने जाते हैं।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष शरद लोहाना ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी का शिकागो में दिया भाषण आज भी सबके बीच प्रसिद्ध है, जहां उन्होंने भारत व सनातन धर्म का इतनी संवेदनशीलता व गहराई से प्रतिनिधित्व किया था जिसे आज भी हम सब गौरवान्वित महसूस करते हैं।
सभापति अनुराग मसीह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी अपने धार्मिक ज्ञान से किसी के भी दिल में जगह बनाने और अपने शक्तिशाली और तर्कयुक्त विचारों से किसी के भी सोचने का नजरियां बदलने की क्षमता रखते थे। उनकी इसी प्रभावशाली आभा और दुनिया में भारत की एक अलग पहचान बनाने के लिए देश उन्हें उनकी पुण्यतिथि पर नमन करता है।
इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आकाश गोलछा, एमआईसी सदस्य-राजेश पाण्डेय,केन्द्र कुमार पेंदरिया,पार्षद सूरज गहरवाल एल्डरमेन लखन पटेल, भूपेश साहू, रामायण महेश्वरी,नरोत्तम यादव, कुलदीप उपस्थित थे।