धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 1 जुलाई। आज धमतरी निगम के ठेकेदार भूख हड़ताल पर बैठ गए। ठेकेदारों का आरोप है कि लंबे समय से उनके द्वारा किए गए कार्यों का भुगतान नहीं किया जा रहा है और बचे और लिए कार्यों को पूर्ण करने का दबाव बनाया जा रहा है। ब्लैक लिस्ट करने की धमकी दी जाती है।
हड़ताली ठेकेदारों का कहना है कि हम लगातार काम कर रहे हैं और भुगतान नहीं किया जा रहा। हमें भी लेबर और सप्लायर को पेमेंट करना होता है। हमारे भी खर्चे हैं, बच्चों की फीस देनी है, घर चलाना है। बैंकों को ब्याज देना है। काम करते जाएंगे और पेमेंट नहीं होगा तो हम कैसे काम कर पाएंगे। निविदा लेने का मतलब यह तो नहीं कि हम अपने घर को बेचकर काम करें और भुगतान हो ही नहीं।
ठेकेदारों का आरोप है कि अधिकारियों-कर्मचारियों का व्यवहार ठीक नहीं है, ठेकेदारों को जानबूझकर घुमाया जाता है। उनके देयकों को समय पर नहीं बनाया जाता है। कमीशनखोरी हद से ज्यादा बढ़ गई है।
अधिकारियों-कर्मचारियों का ट्रांसफर हो जाने के बावजूद भी उन्हें रिलीव नहीं किया जाता है। वर्तमान में ही सहायक अभियंता एवं उप अभियंता का शासन ने ट्रांसफर किया है। एक माह होने को है। अभी तक उन्हें रिलीव नहीं किया गया है, इसके पीछे निगम के उच्च अधिकारियों की क्या मंशा है, समझ से परे है। जिस उपअभियंता का ट्रांसफर हुआ है, उसी की सबसे ज्यादा शिकायत है और शिकायतों पर ही उसका ट्रांसफर हुवा है।
ठेकेदारों की मांग है कि उनके द्वारा पूर्ण किए गए, चल रहे कार्यों और भविष्य में भी समय पर भुगतान की व्यवस्था की जाए, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उनके प्रति शालीन व्यवहार हो। उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुई तो उनकी हड़ताल जारी रहेगी एवं चल रहे सभी कार्यों को बंद कर दिया जाएगा।