धमतरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 30 जून। प्रदेश भाजपा के आह्वान पर छत्तीसगढ़ को हरा भरा और सुंदर बनाने के लिए पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में भाजपा मंडल नगरी अंतर्गत देवपुर बूथ के हाईस्कूल और ग्राम पंचायत मुकंदपुर में पूर्व विधायक सिहावा श्रवण मरकाम एवं भाजपाइयों ने वृक्षारोपण किया।
वृक्षारोपण उपरांत श्रवण मरकाम ने कहा कि वृक्षारोपण का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। वृक्ष हमारे लिए कई प्रकार से लाभदायक होते हैं। जीवो द्वारा छोड़ी गई कार्बन डाइऑक्साइड को यह जीवनदायिनी ऑक्सीजन में बदल देते हैं इनकी पत्तियों, छालों एवं जड़ों से हम विभिन्न प्रकार की औषधियां बनाते हैं। दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे प्रदूषण को रोकने के उपायों में से वृक्षारोपण भी एक उपाय है। वृक्षारोपण होने से प्रकृति का सौंदर्य भी बढ़ता है और अनेक जीवों को लाभ पहुंचता है। वृक्षों के बिना प्राकृतिक दृश्यों का कोई महत्व नहीं है इसलिए वृक्षों की रक्षा करना और वृक्षारोपण करना प्रत्येक मनुष्य का धर्म होना चाहिए।
श्री मरकाम ने आगे कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वृक्षों को ना काटे और काटने से भी रोके। अधिकाधिक वृक्षारोपण करें, ताकि वनों से हमें पर्यटन की सुविधा, पशु-पक्षी का दर्शन, प्राकृतिक संतुलन, वनस्पति आदि का लाभ मिलता रहें। अगर वन संपदा नष्ट हो जाएंगी तो प्रकृति को कोप से बचाना बहुत ही मुश्किल होगा। आईये हम सब मिलकर पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण करने का संकल्प लें।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री प्रकाश बैस, मोहन नाहटा, अजा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पुरन धृतलहरे, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष बुधेश्वर साहू, देवपुर सरपंच आरती धु्रव, मुकंदपुर सरपंच राजेश कोर्राम, उपसरपंच नीलम साहू, भाजपा कार्यकर्ता महेंद्र सिन्हा, परमेश यादव, बल्लू सेन आदि उपस्थित थे।