दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 9 नवंबर। दंतेवाड़ा में धान के अवैध भंडारण पर संयुक्त टीम ने रविवार को छापामार कार्रवाई की। जिससे व्यापारियों में हडक़ंप मच गया।
राजस्व और खाद्य विभाग एवं कृषि उपज मंडी गीदम की संयुक्त टीम ने सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और खाद्य अधिकारी कीर्ति कौशिक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई नकुलनार में की गई। जांच के दौरान मे. पासवान ट्रेडर्स नकुलनार के गोदाम से 250 बोरी धान भंडारण किया गया था। जांच दल द्वारा उक्त भंडारण के दस्तावेज मांगे गए। संबंधित व्यापारी द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
इसी क्रम में चंद्रपाल सिंह भदौरिया के गोदाम में छापेमारी की गई। जिसमें 30 बोरे धान का भंडारण किया गया था । संबंधित व्यापारी द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जांच दल द्वारा कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 के उल्लंघन के चलते कुल 280 बोरी धान जब्त कर लिया गया।
विवेक सिंह, नकुलनार के गोदाम में 225 क्विंटल धान का भंडारण किया गया था। जिसके लिए वैध बी-1 पंजी एवं कृषि उपज मंडी, गीदम द्वारा जारी मंडी शुल्क पर्ची प्रस्तुत की गई।
इसी कड़ी में मे. विपिन ट्रेडर्स, निवासी गम गंजेनार के गोदाम में 30 क्विंटल धान का भंडारण पाया गया। जिसकी मंडी शुल्क पर्ची प्रस्तुत की गई।
इस कार्रवाई में कुआकोंडा तहसीलदार लीलाधर चंद्रा, नायब तहसीलदार केज़ाराम पटेल, मंडी उपनिरीक्षक बालमुकुंद यादव, खाद्य निरीक्षक धीरेंद्र कश्यप, प्रमोद कुमार सोनवानी और सचिन कुमार शामिल थे।


