दन्तेवाड़ा

आपातकाल में अधिकारों का किया हनन- सांसद
26-Jun-2025 10:30 PM
आपातकाल में अधिकारों का किया हनन- सांसद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 26 जून। तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा वर्ष 1975 में 25 जून के दिन तत्कालीन सरकार द्वारा सम्पूर्ण देश में आपातकाल गया था। इसके 50 वर्ष पूर्ण होने पर जिला ग्रंथालय में  ‘संविधान हत्या दिवस’ के तौर पर मनाया गया। इस दौरान जिले के मीसाबंदी और उनके परिजन को सम्मानित किया गया। आपातकाल पर परिचर्चा का भी आयोजन हुआ।

 इस अवसर पर छायाचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से 1975 के आपातकाल के दौर को रेखांकित किया गया। जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया।

ग्रंथालय के सभागार में आयोजित परिचर्चा में सांसद श्री कश्यप ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहां संविधान सर्वोपरि है। वर्ष 1975 में तत्कालीन सरकार द्वारा देशवासियों पर अचानक आपातकाल घोषित कर अपने राजनीतिक हितों को साधने की कोशिश की गई। सांसद ने बताया कि इसका विरोध करने वाले जनप्रतिनिधियों, देशवासियों और मीडिया संस्थानों की आवाज को दबाया गया तथा उन्हें जेल में डाल दिया गया।

भारत जैसे लोकतंत्र और प्रजातांत्रिक मूल्यों पर चलने वाला देश में 1975 में लोकतंत्र में बड़ा कुठाराघात कर आपातकाल  लगाया गया था। देश में संविधान सर्वोच्च है, नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों का पालन का अधिकार है। इसे किसी सत्तासीन को रोकने का अधिकार नहीं है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस काले सच को सामने लाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य भावी पीढ़ी को लोकतान्त्रिक मूल्यों नागरिक सुरक्षा और संवैधानिक नैतिकता की सुरक्षा का महत्व से अवगत कराना है। ताकि वे अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति सचेत रहे।

विधायक चैतराम अटामी ने भी आपातकाल को लोकतांत्रिक इतिहास का कलंक बताते हुए कहा कि तत्कालीन सत्ताधीशों ने अपने राजनैतिक स्वार्थों के लिए देश की जनता को अकथनीय कष्ट दिए।

और अब उनकी आज ऐसे ही मानसिकता के लोग लोकतंत्र को बचाने ही दुहाई देकर ओछी राजनीति कर रहे है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि देश की पुरानी पीढ़ी में आपातकाल का वह भयावह दौर देखा है। जहां देश के एक-एक नागरिक के मौलिक अधिकार छीन लिए गए थे। वर्तमान में हमें ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद  महेश कश्यप तथा क्षेत्र के विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी पायल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष  सुनीता भास्कर, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, एसडीएम  मूलचंद चोपड़ा प्रमुख रूप से मौजूद थे।

मीसा बंदियों का सम्मान

कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा आपातकाल दौर के दो मीसा बंदी वरिष्ठ नागरिक मंगला देवी परगनिया तथा श्रीमती राधा देवी सुराना को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही इस अवसर पर आपातकाल पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा छात्र-छात्राओं द्वारा रैली भी निकाली गई।


अन्य पोस्ट