दन्तेवाड़ा

मानसिक स्वास्थ्य मजबूती के लिए टिप्स
07-Feb-2026 9:55 PM
मानसिक स्वास्थ्य मजबूती के लिए टिप्स

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 दंतेवाड़ा, 7 फरवरी। जिला प्रशासन द्वारा मानसिक स्वास्थ्य को मजबूती प्रदान करने प्रयास किया जा रहे है। मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी अजय रामटेके के निर्देशन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत छू लो आसमान संस्था परिसर में कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा की तैयारी के दौरान तनाव प्रबंधन विषय पर कार्यशाला शुक्रवार को आयोजित की गई।  इस दौरान जिला नोडल अधिकारी डॉ. देश दीपक ने विद्यार्थियों को परीक्षा के समय होने वाले तनाव से निपटने के उपाय, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा नियमित दिनचर्या अपनाने के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को मानसिक दबाव की स्थिति में खुलकर अपनी बात रखने एवं समय पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

 इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पढ़ाई के दबाव, परीक्षा के डर, एकाग्रता की कमी एवं पारिवारिक अपेक्षाओं से जुड़ी समस्याओं पर सवाल पूछे, जिनका समाधान सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से दिया गया।

 कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाना एवं परीक्षा अवधि में उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में संस्था की प्राचार्य शेफाली भदोरिया, जिला सलाहकार अंकित सिंह, मानसिक स्वास्थ्य सोशल वर्कर विक्रम सहित शिक्षकों की मौजूदगी थी।


अन्य पोस्ट