दन्तेवाड़ा

बचेली वनपरिक्षेत्र में बाघ की दस्तक, पटरी के पास मिले पंजों के निशान
05-Feb-2026 3:58 PM
बचेली वनपरिक्षेत्र  में बाघ की दस्तक, पटरी के पास मिले पंजों के निशान

मवेशी का शिकार किये जाने की खबर, ग्रामीणों में दहशत,  दंतेवाड़ा वनमंडल अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 5 फरवरी। बचेली वनपरिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम भांसी में बाघ (टाइगर) की मौजूदगी की आशंका के बाद बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार बैलाडीला पहाड़ी क्षेत्र के अंतर्गत भांसी के रेल्वे पटरी के पास बुधराम पारा के समीप दुर्गम पहाड़ी जंगल क्षेत्र में बाघ ने एक गाय का शिकार किया है। ग्रामीणों को गाय का आधा नोचा हुआ शव मिला, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। साथ ही पटरी के पास बाघ के पंजों के निशान भी मिले है।

 सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग का कहना है कि संबंधित क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए गए। इस क्षेत्र में विचरण की पुष्टि होने के बाद विभाग अलर्ट मोड पर है।

मवेशी मालिक ने बताया कि उसकी गाय शनिवार से लापता थी, जिसे काफी खोजबीन के बाद जंगल में मृत अवस्था में पाया गया। इस बीच एक वृद्ध महिला द्वारा भी बाघ को देखे जाने का दावा किया गया है, जिससे ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है।  इस बीच एक तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो रही है, लेकिन यह तस्वीर पुरानी बताई जा रही है।

ग्रामीणों को किया सतर्क

बाघ की गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए वनमंडलाधिकारी, दंतेवाड़ा द्वारा आदेश जारी कर कहा-उत्तर भांसी, दक्षिण भांसी, बचेली, पाढ़ापुर, कोड़ेनार, हिरोली, कूपेर एवं फरसपाल सहित कई परिक्षेत्रों में बाघ के विचरण एवं पशुहानि की सूचना प्राप्त हुई है। आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि ग्रामीणों को सुबह व शाम के समय जंगल न जाने दिया जाए। जाल, फंदे एवं नदी-नालों में लगाए गए जाल हटाए जाएं, प्रभावित क्षेत्रों में कैमरा ट्रैप और निगरानी बढ़ाई जाए,  किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की स्थिति में तत्काल भुगतान की कार्यवाही की जाए।

रेलवे को भी सतर्कता आदेश

इधर, वन परिक्षेत्र अधिकारी, बचेली द्वारा ईस्ट कोस्ट रेलवे, किरंदुल को भी पत्र जारी कर रेलवे पटरी क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में सुबह 5 से 7 बजे तक एवं रात्रिकालीन समय में पटरी पर कार्यरत कर्मचारियों को विशेष सावधानी रखने को कहा गया है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगली सूचना आने तक ग्रामीण पूर्ण सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।


अन्य पोस्ट