दन्तेवाड़ा

पत्नी से मारपीट, थाना परिसर में भी नहीं रुका डिप्टी मैनेजर, गिरफ्तार
07-Feb-2026 9:55 PM
पत्नी से मारपीट, थाना परिसर में भी नहीं रुका डिप्टी मैनेजर, गिरफ्तार

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 7 फरवरी। पत्नी को लंबे समय से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एनएमडीसी किंरदुल में पदस्थ डिप्टी मैनेजर को जेल भेज दिया है। पूरा मामला बचेली थाना क्षेत्र का है।

 पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आवेदिका मनीषा पटनायक द्वारा बचेली थाना में अपने पति आकाश पटनायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2025 से आरोपी पति लगातार लड़ाई-झगड़ा कर उसे परेशान कर रहा था।

शिकायत के आधार पर 5 फरवरी को दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाना बचेली बुलाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी आकाश पटनायक ने पुलिस की मौजूदगी में ही आवेदिका के साथ मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संज्ञेय अपराध की आशंका पर पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही अभिरक्षा में ले लिया।

पुलिस द्वारा आरोपी आकाश पटनायक, डिप्टी मैनेजर (ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट, एनएमडीसी किरंदुल), निवासी किरंदुल के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी की गई। इसके बाद आरोपी को अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय, बड़े बचेली के समक्ष धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के अंतर्गत इस्तगासा पेश किया गया।

न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।


अन्य पोस्ट