दन्तेवाड़ा
49 पेटी शराब और 3 गाडिय़ां जब्त
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दंतेवाड़ा, 6 फरवरी। दंतेवाड़ा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 49 पेटी शराब और 3 गाडिय़ां जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 1 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दंतेवाड़ा बायपास से बालूद जाने वाले मार्ग पर दो वाहनों—पिकअप क्रमांक सीजी 18 आर 0439 और इको वाहन क्रमांक सीजी 18 क्यू 0332—के माध्यम से अन्य राज्य से लाई गई अवैध अंग्रेजी शराब दंतेवाड़ा में बिक्री के लिए लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन चालक अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गए। वाहनों की तलाशी लेने पर 45 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसे विधिवत जब्त किया गया। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 36 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
फरार आरोपियों की तलाश वाहन नंबरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही थी। 3 फरवरी को मुखबिर सूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों गणेश मण्डल, कृष्णा प्रसाद साव दोनों निवासी पातररास बांगाबाड़ी, गुड्डी अतरा, ग्राम मसेनार बुरूमपारा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर छिपाकर रखी गई 4 अतिरिक्त पेटी अवैध शराब भी बरामद की गई। इस प्रकार कुल 49 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
इस कार्रवाई में पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 18 आर 0439, इको वैन क्रमांक सीजी 18 क्यू 0332 और स्कूटी क्रमांक सीजी 18 एन 1773 भी जब्त की गई हैं।
गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


