दन्तेवाड़ा

स्वर्ण पदक को लक्ष्य बनाकर संपूर्णता अभियान शुरू
03-Feb-2026 11:11 PM
स्वर्ण पदक को लक्ष्य बनाकर संपूर्णता अभियान शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 3 फरवरी। आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत सम्पूर्णता अभियान 2.0 का ब्लॉक स्तरीय शुभारंभ विगत दिवस जनपद पंचायत कार्यालय कुआकोण्डा में किया गया।

  कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के माध्यम से आंकड़ा आधारित, परिणामोन्मुखी एवं नवाचार आधारित विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि तथा आधारभूत सेवाओं के क्षेत्रों में ठोस सुधार के लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में विकास सहयोगी संस्थाओं ट्राई एवं पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों की उपस्थिति भी रही, जिन्होंने अभियान के सफल क्रियान्वयन में तकनीकी सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर सम्पूर्णता अभियान - 2.0 की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि ब्लॉक को केंद्र स्तर पर ब्रॉन्ज पुरस्कार प्राप्त हुआ था, जो विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय एवं समुदाय की सक्रिय सहभागिता का परिणाम है। अधिकारियों ने कहा कि पूर्व अनुभवों से सीख लेकर इस वर्ष अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।

  इस कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि सम्पूर्णता अभियान - 2.0 का संचालन 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों को नियमित पूरक पोषण उपलब्ध कराने, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों का समय पर वजन एवं लंबाई मापन सुनिश्चित करने, सभी कार्यरत आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यशील शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, विद्यालयों में बालिकाओं हेतु सुरक्षित शौचालय तथा पशुओं के शत-प्रतिशत खुरपका-मुंहपका रोग टीकाकरण को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाएगा।

 जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि इस वर्ष ब्लॉक का लक्ष्य स्वर्ण पुरस्कार प्राप्त करना है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सशक्त समन्वय, नियमित समीक्षा एवं व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाएगा।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष सुकालू मुडा़मी, जनपद उपाध्यक्ष दीपिका भदौरिया, सरपंच रंजना कश्यप, उप संचालक पंचायत तरुण कुमार तथा सीईओ मुन्ना राम कश्यप प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट