दन्तेवाड़ा
दोनों परियोजनाओं के प्रमुखों को ज्ञापन सौंपकर सामान्य उपस्थिति का आश्वासन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली/किरंदुल, 8 फरवरी। आगामी 12 फरवरी को प्रस्तावित अखिल भारतीय आम हड़ताल में भारतीय खदान मजदूर संघ ने भाग न लेने की घोषणा की है। भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध एनएमडीसी की बचेली और किरंदुल परियोजनाओं में कार्यरत खदान मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने इस संबंध में दोनों परियोजनाओं के प्रमुखों को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में संघ द्वारा स्पष्ट किया गया है कि 12 फरवरी को उनके सभी सदस्य सामान्य कार्यदिवस की तरह अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहेंगे। संघ का कहना है कि यह हड़ताल कुछ केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा आह्वान की गई है और वह इसमें शामिल नहीं होगा।
ज्ञापन की प्रतिलिपि केंद्रीय इस्पात मंत्री, बस्तर सांसद, एनएमडीसी के सीएमडी, निदेशक (उत्पादन), कलेक्टर दंतेवाड़ा, पुलिस अधीक्षक, वरिष्ठ समादेशक केऔसुब तथा थाना प्रभारी किरंदुल को भी भेजी गई है। संघ ने प्रबंधन से यह मांग भी की है कि उनके सदस्यों को एनएमडीसी चेकपोस्ट से बिना किसी कठिनाई के प्रवेश सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक व्यवस्था की जाए।
खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल के अनुसार, भारतीय मजदूर संघ प्रस्तावित आम हड़ताल का समर्थन नहीं करता और न ही उसमें भाग लेगा। संघ का कहना है कि वह चारों श्रम संहिताओं का स्वागत करता है, हालांकि दो संहिताओं के कुछ प्रावधानों को लेकर अपनी आपत्तियां और चिंताएं भी सरकार के समक्ष रखता रहा है।
संघ ने बताया कि वेतन संहिता और सामाजिक सुरक्षा संहिता को वह सकारात्मक मानता है, जबकि अन्य दो संहिताओं के कुछ बिंदुओं पर चर्चा की आवश्यकता महसूस करता है। इस संबंध में 13 और 21 नवंबर को भारतीय मजदूर संघ और श्रम मंत्री के बीच हुई बैठक में भी इन मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया था। संघ के अनुसार श्रम मंत्री द्वारा इन बिंदुओं पर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया है।
संघ का यह भी कहना है कि वह श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार के साथ संवाद करता रहा है और श्रमिकों के हितों के प्रतिकूल नीतियों पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराता है, लेकिन राजनीतिक रूप से प्रेरित आंदोलनों में भाग नहीं लेता। इस अवसर पर खदान मजदूर संघ शाखा किरंदुल के अध्यक्ष बी. दिल्ली राव, राजेंद्र यादव, दानेश्वर जोशी और सुरेश ठाकुर उपस्थित थे।


