‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 24 जून। जिले में हरित आवरण बढ़ाने एवं पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से 1 जुलाई से 7 जुलाई तक वृहद पौधरोपण अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान जिले में 1 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की है।
सीईओ श्री नाहटा ने बताया कि जिले के चारों विकासखंडों दंतेवाड़ा, गीदम, कटेकल्याण एवं कुआकोण्डा में कुल 34 स्थलों का चयन कर व्यापक स्तर पर पौधरोपण की तैयारी की गई है। ग्राम पंचायत भवन, विद्यालय परिसर, आंगनबाड़ी केंद्र, पोटा केबिन, आश्रम-छात्रावास, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) तथा अन्य शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक परिसरों में पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों को अपने-अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पौधरोपण सुनिश्चित करने तथा रोपे गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी लेने के निर्देश दिए गए हैं। विकासखंड दंतेवाड़ा में 6,250, गीदम में 4,200, कटेकल्याण में 5,800 तथा कुआकोण्डा में 5,750 पौधों के रोपण की कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान के दौरान शासकीय संस्थानों के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता को भी विशेष महत्व दिया जाएगा।
नर्सरियों में पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं पौधे-अभियान की सफलता के लिए जिले की विभिन्न नर्सरियों में बड़ी संख्या में पौधे तैयार किए गए हैं। मनरेगा अंतर्गत संचालित शासकीय उद्यान रोपणियों पुरनतराई, किरंदूल, मुचनार एवं गाटम में अमरूद, नींबू, कटहल, मुनगा, आंवला एवं काजू सहित 98 हजार से अधिक पौधे उपलब्ध हैं।
इसके अलावा वनमंडल दंतेवाड़ा की नर्सरियों में भी व्यापक स्तर पर पौधों की तैयारी की गई है।
पातररास नर्सरी में लगभग 1 लाख 90 हजार तथा मुचनार नर्सरी में 1 लाख पौधे तैयार किए गए हैं। इन नर्सरियों में साल, अर्जुन, इमली, बेहड़ा, महुआ, आम, जामुन, बेल, बेर, बांस, कटहल, कुसुम, नीम, गुलमोहर, मुनगा, सीताफल, काजू, अशोक सहित अनेक स्थानीय एवं फलदार प्रजातियों के पौधे उपलब्ध हैं। इन पौधों का उपयोग जिले भर में पौधरोपण, हरित पट्टी विकास तथा सामुदायिक परिसरों के सौंदर्यीकरण के लिए किया जाएगा।
ग्राम पंचायत स्तर पर भी उपलब्ध होंगे नि:शुल्क पौधे
अभियान को जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर भी पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इच्छुक ग्रामीण अपने ग्राम पंचायत के माध्यम से पौधे प्राप्त कर अपने घर, खेत, बाड़ी एवं सामुदायिक स्थलों पर पौधरोपण कर सकेंगे। पंचायतों को पौधों के वितरण एवं संरक्षण के संबंध में आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।