दन्तेवाड़ा

महतारी वंदन योजना: दंतेवाड़ा में 8 हजार ई-केवाईसी शेष
27-Jun-2026 4:07 PM
महतारी वंदन योजना: दंतेवाड़ा में 8 हजार ई-केवाईसी शेष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 27 जून। दंतेवाड़ा में महतारी वंदन योजना के हितग्राही ई-केवाईसी हेतु भटक रहे हैं। हालात यह है कि योजना की हितग्राही कृषि कार्यों को छोडक़र महिलाएं लोक सेवा केंद्रों में लगातार जा रही है। वहीं ई-केवाईसी के अभाव में उन्हें लौटना पड़ रहा है, जिससे उक्त महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दंतेवाड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मसेनार की महिलाएं विगत सप्ताह ग्राम गंजेनार स्थित ई -केवाईसी हेतु लोक सेवा केंद्र में जा रही थी। परंतु उनमें से कुछ महिलाओं की ई केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी।

छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के ई -केवाईसी के निर्धारित समय सीमा 30 जून थी, वहीं जिले में 25 जून की स्थिति में लगभग 8 हजार महिलाओं की ई-केवाईसी शेष है।

कुआकोंडा परियोजना में भी समस्या

जिले की महिला बाल विकास परियोजना कुआकोंडा अंतर्गत हितग्राही महिलाओं के ई - केवाईसी प्रक्रिया में पोर्टल न खुलने की समस्या सामने आ रही है जिससे हितग्राही महिलाओं की ई केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पा रही है।  जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला बाल विकास अनिल लोनिया ने बताया कि दंतेवाड़ामें 45852 महिलाओं की ई - केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। वहीं करीब 8 हजार महिलाओं की ई - केवाईसी प्रक्रिया शेष है। शासन द्वारा 30 जून की समय सीमा निर्धारित की गई है। इसके उपरांत भी ई -केवाईसी जारी रहेगी।

लक्ष्य होगा पूर्ण - सीईओ

इस संबंध  में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, दंतेवाड़ा, जयंत नाहटा ने ‘छत्तीसगढ़’को बताया कि पोर्टल की समस्या शासन स्तर की है। वहीं जिला स्तर पर आ रही समस्याओं को दूर किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि विगत वर्ष भी महतारी वंदन योजना में लक्ष्य हासिल किया गया था। इस वर्ष भी लक्ष्य हासिल किया जाएगा।


अन्य पोस्ट