दन्तेवाड़ा

सर्पदंश से ऐसे बचें
30-Jun-2026 5:09 PM
सर्पदंश से ऐसे बचें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 30 जून।
दंतेवाड़ा जिले में वर्षा ऋतु के दौरान सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजन को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके के मार्गदर्शन में ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के लोगों को सर्पदंश से बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बारिश के मौसम में खेतों, झाडिय़ों, जलभराव वाले क्षेत्रों तथा अन्य नम स्थानों पर सांपों की सक्रियता बढ़ जाती है। सुरक्षित ठिकानों की तलाश में सांप कई बार घरों, गोठानों और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं, जिससे सर्पदंश की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। अधिकांश मामले खेतों में कार्य करने, झाडिय़ों में बिना सावधानी हाथ डालने अथवा अंधेरे स्थानों पर बिना रोशनी के आने-जाने के दौरान सामने आते हैं। विभाग ने किसानों और ग्रामीणों को सलाह दी है कि खेतों में कार्य करते समय गमबूट या ऊंचे जूते अवश्य पहनें, झाडिय़ों अथवा घास के बीच जाने से पहले डंडे से जांच कर लें तथा रात के समय टॉर्च का उपयोग करें। इसके साथ ही घर और आसपास के क्षेत्रों की नियमित सफाई बनाए रखने, झाडिय़ों एवं अनुपयोगी सामान के ढेर हटाने तथा जलभराव वाले स्थानों को साफ रखने की अपील की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि सर्पदंश की स्थिति में किसी भी प्रकार के झाड़-फूंक या घरेलू उपचार पर निर्भर न रहें। पीडि़त व्यक्ति को शांत रखते हुए तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं, क्योंकि समय पर उपचार से गंभीर परिणामों से बचा जा सकता है। विभाग ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतते हुए सुरक्षित व्यवहार अपनाने और सर्पदंश से बचाव संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की है।


अन्य पोस्ट