दन्तेवाड़ा

शालाओं में हो बेहतर परिवेश - सीईओ
27-Jun-2026 9:51 PM
शालाओं में हो बेहतर परिवेश - सीईओ

दंतेवाड़ा, 27 जून। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा ने जिला मुख्यालय स्थित विद्यालयों का औचक जायजा लिया।

इस दौरान शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पाए जाने पर आवश्यक निर्देश दिए गए।

सीईओ द्वारा किए गए निरीक्षण में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी) में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम पाई गई। विद्यालय परिसर की स्वच्छता, बालिका शौचालय, कंप्यूटर लैब के संचालन, पेयजल व्यवस्था, समय-सारिणी एवं अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। संबंधित प्राचार्य को इन कमियों का शीघ्र निराकरण करने के लिए कहा गया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ), संकुल शैक्षणिक समन्वयकों (सीएसी), प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों को निर्देशित किया है कि वे घर-घर संपर्क अभियान चलाकर विद्यार्थियों की नियमित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा पालकों से सतत संवाद बनाए रखें। नवीन प्रवेश एवं छात्रावास प्रवेश से संबंधित लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने सभी विद्यालयों एवं छात्रावासों में स्वच्छता, पेयजल, शौचालयों की उपयोग योग्य स्थिति, कंप्यूटर लैब का नियमित संचालन, भोजन मेन्यू का प्रदर्शन, समय-सारिणी तथा नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही कहा कि निर्धारित व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीएससी को निर्देशित किया है कि वे प्रतिदिन शाम 4 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी विकासखंडों की समीक्षा कर विद्यालयों एवं छात्रावासों की तैयारियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, नवीन प्रवेश तथा आधारभूत व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। इस संबंध में जिले के सभी विद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर और डीएमसी हरीश गौतम प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट