दन्तेवाड़ा

सडक़ों पर लोहे के पहिए वाले ट्रैक्टर चलाने पर कटेगा चालान
26-Jun-2026 10:00 PM
सडक़ों पर लोहे के पहिए वाले ट्रैक्टर चलाने पर कटेगा चालान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 26 जून। जिले में परिवहन विभाग द्वारा ट्रैक्टरों में लोहे के पहिए (केजव्हील) लगाकर सडक़ों पर सरपट दौड़ाने वाले ट्रैक्टरों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में परिवहन विभाग ने सभी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से ऐसे वाहनों के सडक़ पर संचालन पर रोक लगाने, व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ट्रैक्टरों में लगाए जाने वाले दोहरे लोहे के पिंजरे (आयरन केजव्हील) केवल कृषि कार्य एवं खेतों में उपयोग के लिए बनाए गए हैं। इनका सीधे डामर, सीमेंट एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर उपयोग मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत है।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने भी जानकारी दी है कि कई क्षेत्रों में ऐसे ट्रैक्टरों के कारण सडक़ों की सतह क्षतिग्रस्त हो रही है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि किसानों एवं वाहन चालकों को मोटर वाहन नियमों की जानकारी दी जा सके।

परिवहन विभाग ने स्थानीय समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। 


अन्य पोस्ट