दन्तेवाड़ा
गौरव पथ के डिवाइडर पर लगे पौधों का काटने का मामला
बचेली, 29 जून। बचेली शहर के गौरव पथ के डिवाइडर पर लगे पौधों का काटने का मामला सामने आया है। सीएमओ ने संबंधित दुकानदार को एक सप्ताह में पुन: पौधारोपण का आदेश दिया है।
ज्ञात हो कि शहर को सुंदर, स्वच्छ और हरित बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा करोड़ों की लागत से गौरव पथ सडक़ का निर्माण कराया गया तथा सडक़ के डिवाइडर में आकर्षक फूल-पौधे लगाए गए। इन पौधों की नियमित देखभाल और सिंचाई की जिम्मेदारी भी नगर पालिका द्वारा निभाई जा रही है। लेकिन अब इन पौधों को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि गौरव पथ स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक ने बिना किसी अनुमति के डिवाइडर में लगे फूल-पौधों को काट दिया। लोगों का कहना है कि ये पौधे दुकान के संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं बन रहे थे, फिर भी उन्हें कथित रूप से रात के समय काट दिया गया। नागरिकों का यह भी आरोप है कि घटना की शिकायत नगर पालिका तक पहुंचने के बावजूद अब तक संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कोई ठोस कानूनी या दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई।
इस मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पी.टी.एम. कृष्णाराव ने संबंधित दुकानदार को सीधे चेतावनी देते हुए कहा, आपने किसकी अनुमति से डिवाइडर में लगे पौधों को काटा है और किस कारण से काटा है, इसका जवाब देना होगा। एक सप्ताह के भीतर उसी स्थान पर नए पौधे लगाइए। यदि निर्धारित समय के भीतर पौधारोपण नहीं किया गया, तो आपके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।