दन्तेवाड़ा

खंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव, बच्चों का स्वागत
27-Jun-2026 4:05 PM
खंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव, बच्चों का स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 27 जून।  विकासखंड दंतेवाड़ा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम हाई स्कूल, आँवराभाटा में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत करने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी भीमा मंडावी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रमेश गावड़े, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष कैलाश गुप्त मिश्र, जनपद पंचायत सदस्य रामू राम नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

 अतिथियों ने अपने उद्बोधन में शिक्षा को जीवन की सफलता की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के पालन के लिए प्रेरित किया। शाला प्रवेश उत्सव के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें पुस्तकें, गणवेश वितरित किए गए और जनप्रतिनिधियों ने बच्चों का मुंह मीठा कराकर उनके नए शैक्षणिक सत्र की शुभ शुरुआत की।

इस मौके पर  विकासखंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत का उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।

अभिभावकों से उन्होंने आग्रह किया कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें और उनकी पढ़ाई में सहयोग दें। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। श्री गुप्ता ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो बच्चों को आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाती है तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम के दौरान खंड स्त्रोत समन्वयक जितेंद्र शर्मा, प्राचार्य बबीता दोहरे, व्याख्याता सुनीता गोस्वामी,  सभी संकुल समन्वयक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। विकासखंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार जताया।


अन्य पोस्ट