दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 27 जून। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा महिलाओं के उत्पीडऩ से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई के लिए आगामी 30 जून को जिला सुकमा में न्यायपीठ का आयोजन किया जाएगा। आयोग की गठित न्यायपीठ द्वारा जिला सुकमा एवं दंतेवाड़ा से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी।
संयुक्त जिला कार्यालय सुकमा में सुनवाई प्रात: 11 बजे से प्रारंभ होगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. श्रीमती किरणमयी नायक माननीय सदस्य दीपिका शोरी एवं सदस्य ओजस्वी मंडावी प्रकरणों की सुनवाई करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कुल 23 प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। आयोग द्वारा संबंधित पक्षों को सुनवाई में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे आवेदिका एवं अनावेदक को नियमानुसार नोटिस तामील कराकर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा इसकी पावती छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग को उपलब्ध कराएं। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग अधिनियम की धारा 10(3) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों के अनुपालन में यह सुनवाई आयोजित की जा रही है। आयोग ने सभी पक्षों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर अपने पक्ष प्रस्तुत करने की अपील की है।