दन्तेवाड़ा

नया सत्र शुरू होने के बाद भी नए भवन में शिफ्टिंग नहीं
30-Jun-2026 10:44 PM
नया सत्र शुरू होने के बाद भी नए भवन में शिफ्टिंग नहीं

6 साल से दूसरे स्कूल भवन में दो पालियों में चल रही कक्षाएं,पढ़ाई प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 30 जून। नगर के वार्ड क्रमांक-6 स्थित पुराना मार्केट शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नया भवन पूरी तरह तैयार होने के बावजूद आज भी विद्यार्थियों को उसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। करोड़ों की लागत से निर्मित यह अत्याधुनिक विद्यालय भवन पिछले चार से पांच महीनों से तैयार खड़ा है, नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 भी 16 जून से शुरू हो चुका है, लेकिन अब तक विद्यालय की कक्षाएं नए भवन में प्रारंभ नहीं हो सकी हैं। ऐसे में विद्यार्थियों, पालकों और स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

इस विद्यालय भवन का निर्माण एनएमडीसी बचेली के सीएसआर मद से नगर पालिका की एजेंसी द्वारा कराया गया है। निर्माण कार्य अक्टूबर 2020 में शुरू हुआ था। उसी दौरान पुराने भवन को खाली कर विद्यालय को अस्थायी रूप से वार्ड क्रमांक-4 स्थित नया मार्केट में सरस्वती स्कूल एवं आदर्श स्कूल भवन में स्थानांतरित कर दिया गया था।

दोनों स्कूलों के विद्यार्थी हो रहे प्रभावित

वर्तमान में सरस्वती व आदर्श स्कूल और पुराना मार्केट हाईस्कूल की कक्षाएं एक ही परिसर में अलग-अलग पालियों में संचालित हो रही हैं। इसका सीधा असर दोनों विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण पर पड़ रहा है। सीमित समय, संसाधनों की कमी और दो पालियों की व्यवस्था के कारण विद्यार्थियों को पर्याप्त अध्ययन समय नहीं मिल पा रहा है। शिक्षकों पर भी अतिरिक्त दबाव है और नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। 

भवन तैयार, लेकिन शुरू होने का इंतजार खत्म नहीं

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नया भवन पूरी तरह तैयार है। आवश्यक निर्माण कार्य भी समाप्त हो चुका है, फिर भी विद्यालय का संचालन शुरू नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जगदलपुर दौरे के दौरान इस विद्यालय भवन का वर्चुअल उद्घाटन भी हो चुका है। हालांकि इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, प्राचार्य, विद्यार्थियों अथवा आम नागरिकों के पास कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।

वहीं, कुछ समय पूर्व दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के बचेली-किरंदुल दौरे के दौरान स्थानीय नागरिकों ने इस भवन को शीघ्र शुरू कराने की मांग भी उठाई थी। उस समय उन्होंने जल्द विद्यालय प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया था।

दूरी भी बनी बड़ी समस्या

पालकों के अनुसार, विद्यालय का अस्थायी स्थान कई विद्यार्थियों के घरों से काफी दूर पड़ता है। इसके कारण कई छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति प्रभावित हुई है और विद्यालय की दर्ज संख्या में भी कमी देखने को मिली है।

अभिभावकों का कहना है कि यदि विद्यालय अपने नए भवन में संचालित हो जाए तो विद्यार्थियों को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और उनकी पढ़ाई भी बेहतर ढंग से हो सकेगी।


अन्य पोस्ट