रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अगस्त। खमतराई इलाके में जमीन खरीदी- बिक्री के नाम पर बाप-बेटे पर धोखाधड़ी का आरोप लगा है। धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी निवासी विक्रम आदित्य ने जमीन बिक्री के नाम पर 34 लाख 6 हजार रुपए लेने के बाद रजिस्ट्री नहीं करने और जमीन को दूसरे के नाम हस्तांतरित किए जाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में जयप्रकाश पाण्डेय और उसके पुत्र आदित्य कुमार पाण्डेय के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में बताया गया है कि भनपुरी स्थित भूमि रकबा 0.1550 हेक्टेयर भूमि में जयप्रकाश पाण्डेय के हिस्से की करीब 2,850 वर्गफुट जमीन, जिसमें दो पक्की दुकानें भी शामिल हैं, विक्रम को बेचने 1,300 रुपए प्रति वर्गफुट में तय हुआ था।
इसके लिए विक्रम ने अगस्त 2024 से दिसंबर 2025 के बीच उसने जयप्रकाश पाण्डेय को बैंक के माध्यम से 11.01 लाख रुपए और अलग-अलग किस्तों में 18 लाख रुपए नकद दिए थे। इसके अलावा बंटवारे की प्रक्रिया के लिए 5 हजार रुपए दिए गए। इसके बाद में 30 दिसंबर 2025 को 5 लाख रुपए और दिए गए। इस तरह विक्रम ने 34.06 लाख रुपए का भुगतान आरोपी बाप बेटे को नकद और बैंकिंग के माध्यम से किए थे।
जिसके बाद 19 दिसंबर 2025 को नया इकरारनामा तैयार किया गया था, जिसमें 2,850 वर्गफुट जमीन की कुल कीमत 37.05 लाख रुपए बताई गई । जयप्रकाश पाण्डेय ने जमीन का पजेशन लेटर विक्रम को दिया था। इस बीच जयप्रकाश पाण्डेय ने अपने हिस्से जमीन के लिए हक त्याग विलेख पंजीकृत करा दिया। जिसे जयप्रकाश ने अपने पुत्र आदित्य कुमार पाण्डेय के नाम पंजीकृत करा दिया गया।
जिसमें 3,086.18 वर्गफुट भूमि आदित्य पाण्डेय के नाम दर्ज हुई, जिसमें क्रेता के साथ इकरार की गई 2,850 वर्गफुट जमीन और दोनों दुकानें भी शामिल हैं।
जमीन दूसरे के नाम हस्तांतरित होने की आशंका के चलते विक्रम ने जयप्रकाश पाण्डेय के खिलाफ रायपुर के षष्ठम व्यवहार न्यायाधीश द्वितीय श्रेणी के न्यायालय में व्यवहार वाद दायर किया था।
जयप्रकाश पाण्डेय और उसके पुत्र आदित्य पाण्डेय ने आपसी सहमति से आपराधिक षड्यंत्र करते हुए रकम लेकर बाद में जमीन का स्वामित्व दूसरे को हस्तांतरित कर दिया। पुलिस ने मामले में जमीन से संबंधित इकरारनामे, भुगतान के दस्तावेज, पजेशन लेटर, हक त्याग विलेख और बाद में किए गए विक्रय विलेख समेत अन्य दस्तावेज जांच कर रही है।