सबसे ऊपर आकाश शर्मा का नाम होगा, 46 प्रत्याशियों में से 14 मुस्लिम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 अक्टूबर। रायपुर दक्षिण के दंगल के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को खत्म हो गई। सप्ताह भर में कुल 46 प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी के प्रपत्र जमा किए। इन पर्चों की संवीक्षा, (जांच) 28 अक्टूबर को की जाएगी। उम्मीदवार 30 अक्टूबर तक अपना नामाकंन वापस ले सकेंगे। और उसी दिन प्रत्याशियों की अंतिम सूची घोषित कर दी जाएगी। इसके बाद ही ईवीएम में नामों और उनके चुनाव चिन्हों की एंट्री की जाएगी।
निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार 46 में से एक भी नाम वापस नहीं लिए जाते हैं और यदि लिए जाने की स्थिति में अंतिम रूप से कुल प्रत्याशी 32 या अधिक रहते हैं तो मतदान के लिए कम से कम दो या तीन बैलेट युनिट का इस्तेमाल होगा। ऐसी स्थिति में मतदान दलों को 4 या 5 मशीनें दी जाएंगी। इनमें 1-1 कंट्रोल यूनिट,वीवीपैट मशीन और 2-3 बैलेट युनिट शामिल रहेंगी।
बैलेट युनिट में नाम एंट्री करने की भी आयोग से एक निर्धारित प्रक्रिया है। इसमें पहले राष्ट्रीय दल के प्रत्याशी, फिर राज्य के मान्यता प्राप्त पंजीकृत दल (जैसे जोगी कांग्रेस)फिर अन्य राज्यों के मान्यता प्राप्त दल जैसे बीजेडी)और फिर निर्दलीय प्रत्याशियों के नाम देवनागरी लिपि अनुसार लिए जाएंगे। इस क्रम में बैलेट युनिट में सबसे उपर आकाश शर्मा का नाम होगा और फिर सुनील सोनी उनके बाद अन्य दल निर्दलीयों के नाम। यह पूरी प्रक्रिया नाम वापसी के बाद की जाएगी।
कुल 46 प्रत्याशियों में मुस्लिम प्रत्याशी एक दर्जन से अधिक है। इनमें शुक्रवार को अंतिम दिन 10 मुस्लिम दावेदारों ने फार्म भरे। और कुल 14 प्रत्याशी हैं। वैसे 2008 के बाद से विधानसभा और पहली बार हो रहे उपचुनाव में रिकार्ड होगा। दिसंबर 23 में हुए आमचुनाव में 36 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए थे और अंतिम मुकाबले में 22 मैदान में थे। कल अंतिम एक दिन में 22 ने पर्चे करे। जो रायपुर दक्षिण के चुनावी इतिहास में रिकार्ड है। रायपुर दक्षिण में मतदाताओं की संख्या की दृष्टि से तीसरे सर्वाधिक हैं।
दक्षिण क्षेत्र में अवकाश की घोषणा
मतदान तिथि 13 नवम्बर को कर्मचारियों को सवैतनिक अवकाश की मंजूरी के संबंध में दिशा निर्देश जारी किया है। आदेश के अनुसार ऐसे अधिकारी कर्मचारी जो दक्षिण के वोटर के रूप में पंजीकृत हैं, उन्हें अवकाश प्रदाय किया जाएगा। इनमें बैजनाथ पारा, छोटापारा, ब्राह्मण पारा, टिकरापारा, सदर बाजार, बूढ़ापारा, रजबंधा मैदान, नरैया तालाब, मोती बाग, दंतेश्वरी चौक, रायपुर खास और चंगोराभाठा से लगे इलाकों में रहने वाले वोटर को छुट्टी मिलेगी।