रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 सितंबर। रायपुर संभागायुक्त श्याम धावडे ने लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण एवं भारतमाला परियोजना से संबंधित भू-अर्जन प्रकरणों की समीक्षा की।
बैठक में रायपुर संभाग अंतर्गत संबंधित जिलों के अपर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), भू-अर्जन से संबंधित अधिकारी तथा भारतमाला परियोजना के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान नामांतरण, खाता विभाजन, व्यपवर्तन एवं सीमांकन से संबंधित लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में भारतमाला परियोजना से संबंधित भू-अर्जन प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। भू-अर्जन प्रकरणों में मध्यस्थम् एवं सुलह अधिनियम, 1996 के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों से संबंधित मूल अभिलेख एवं जवाबदावा की स्थिति की जानकारी ली गई। इसके अतिरिक्त डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणवार जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने तथा शासन के निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए।