रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 सितंबर। फर्जी फर्मों के जरिए खरीद-बिक्री दर्शाकर करोड़ों रुपए का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) लेने के आरोप में राज्य कर विभाग की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने रायपुर निवासी कारोबारी अमन कुमार अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस ने धारा 318(4), 336(2), 336(3), 338 और 340(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राज्य कर सहायक आयुक्त, वृत्त-7 रायपुर की ओर से 16 सितंबर 2026 को तेलीबांधा थाने में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अमन अग्रवाल ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर बोगस फर्में तैयार कर इन फर्मों के माध्यम से खरीदी दर्शाकर बड़ी मात्रा में फर्जी आईटीसी का दावा किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
राज्य कर विभाग के अनुसार संबंधित फर्मों के सत्यापन के दौरान कई स्थानों पर व्यवसाय संचालित नहीं पाया गया। जांच के दौरान कुछ प्रोपराइटरों ने उनके नाम पर दर्ज मोबाइल नंबर, ई-मेल और बैंक खातों को अपना होने से इनकार किया। कुछ लोगों ने विभाग को यह भी बताया कि उन्होंने संबंधित फर्मों के नाम से कोई कारोबार नहीं किया है।
सात फर्मों से 141.74 करोड़ की बिक्री दर्शाने का आरोप
एफआईआर के मुताबिक, कम से कम सात फर्मों के माध्यम से कारोबारी से करीब 141.74 करोड़ रुपए की बिक्री दर्शाई गई और करीब 23.43 करोड़ रुपए की आईटीसी ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
विभागीय आवेदन के अनुसार, हुसैनी इंटरप्राइजेस से करीब 16.61 करोड़ रूपए की बिक्री और 2.99 करोड़ रूपए की आईटीसी, यूनिक इंटरप्राइजेस से 11.61 करोड़ की बिक्री और 2.08 करोड़ की आईटीसी तथा अंसारी ट्रेडर्स से 30.71 करोड़ की बिक्री और 5.52 करोड़ रुपए की आईटीसी दर्शाई गई।
इसी तरह अगस्त इंटरप्राइजेस से 22.47 करोड़ रुपए की बिक्री और 4.04 करोड़ रुपए की आईटीसी, ललित ट्रेड लिंक से 29.72 करोड़ की बिक्री और 5.17 करोड़ रुपए की आईटीसी, विनायक वेंचर्स से 17.95 करोड़ की बिक्री और 1.36 करोड़ रुपए की आईटीसी तथा महावीर इंटरप्राइजेस से 12.67 करोड़ की बिक्री और 2.27 करोड़ रुपए की आईटीसी दर्शाए जाने का उल्लेख आवेदन में है।