रायपुर

अक्टूबर से नए प्रशासनिक माडल पर काम करेगा डाक विभाग
20-Sep-2026 6:50 PM
अक्टूबर से नए प्रशासनिक माडल पर काम करेगा डाक विभाग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 सितंबर। डाक विभाग में प्रस्तावित का नया  प्रशासनिक ढांचा दो तरह के माडल पर काम करेगा।

डाक मंडल कार्यालयों के लिए दो तरह के मॉडल तैयार किये गये हैं- पहला दो इंस्पेक्टर आफ पोस्टल (आईपी) / सहायक डाक अधीक्षक (एएसपी) मॉडल और दूसरा माडल तीन आईपी/एएसपी का होगा। ग्रामीण और छोटे मंडलों में दो अधिकारियों का मॉडल लागू होगा, जबकि शहरी, बड़े और लॉजिस्टिक्स-केंद्रित मंडलों में तीन अधिकारियों वाला मॉडल काम करेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनावश्यक अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती न की जाए।

मौजूदा व्यवस्था में शाखाओं और काम के बोझ का असमान वितरण देखा गया था, जिसे ठीक करने के लिए यह कदम उठाया गया है।  मुख्य पोस्टमास्टर जनरल से कहा गया है कि लॉजिस्टिक्स क्षमता वाले मंडलों की पहचान करते समय मौजूदा व्यवसायिक जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, अहम शाखाओं की निगरानी बेहतर करने के लिए आवश्यकतानुसार वरिष्ठ अधिकारियों को भी मंडल कार्यालयों में तैनात करने की अनुमति दी गयी है। रेलवे मेल सर्विस (आरएमएस) नेटवर्क को भी इस पुनर्गठन में शामिल किया गया है। आरएमएस मंडलों में मेल और पार्सल की प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम करने और निरीक्षण को मजबूत करने के लिए इंस्पेक्टरों और सहायक अधीक्षकों की तैनाती का ढांचा तय किया गया है।

छोटे आरएमएस मंडल कम छंटाई कार्यालयों  वाले छोटे आरएमएस मंडलों में आवश्यकतानुसार तीन से चार अधिकारी तैनात हो सकेंगे। क्षेत्रीय कार्यालय भी अब एक समान सांगठनिक ढांचा अपनाएंगे। क्षेत्र के प्रमुख अपनी परिचालन संबंधी जरूरतों के आधार पर कर्मचारियों की तैनाती में फैसला ले सकेंगे। इसके अलावा, प्रत्येक सर्किल सदस्य (परिचालन) के परामर्श से अपने लॉजिस्टिक्स ढांचे को अंतिम रूप देगा। सभी पोस्टल सर्किल को 30 सितंबर तक नया प्रशासनिक ढांचा लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पांच अक्तूबर तक अनुपालन रिपोर्ट भेजने को कहा है। इस पुनर्गठन का मुख्य उद्देश्य सभी स्तरों पर जिम्मेदारी और कार्यक्षेत्र में एकरूपता लाना है, जिससे स्थानीय परिचालन संबंधी जरूरतों और कामकाज के मुताबिक लचीलापन बना रहे। नए ढांचे के तहत सर्किल कार्यालयों में सहायक पोस्टमास्टर जनरल (एपीएमजी) और सहायक निदेशकों सहित समूह अधिकारियों के पास एक समान प्रभार होंगे। यह व्यवस्था महानिदेशालय के ढांचे के अनुरूप होगी, जिससे समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और नीतियों के सुचारू क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

 उपमहानिदेशक (स्थापना) दुष्यंत मुद्गल ने सभी डाक सर्किलों के प्रमुखों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पुनर्गठन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।


अन्य पोस्ट