‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 मार्च। केन्द्रीय बजट में आयकर समाप्त न करने व आयकर सीमा को न बढ़ाने के कारण केन्द्रीय कर्मचारियों एवं प्रदेश के लोक सेवकों को फरवरी माह वेतन आधा ही मिल पाया है।
शासकीय तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष विजय कुमार झा एवं जिला शाखा अध्यक्ष इदरीश खान ने बताया है कि फरवरी का वेतन जो मार्च में मिला वह प्रतिमाह नगद प्राप्त होने वाले वेतन का आधा हिस्सा ही प्राप्त हो पाया। अनेक शासकीय सेवक कुछ राशि प्रतिमाह आयकर के रूप में कटौती करा चुके है, किंतु वित्तीय वर्ष 31 मार्च के पूर्व फरवरी का वेतन अंतिम वेतन होता है, उसमें शेष आयकर की समस्त बकाया कटौती को एकमुश्त काट लिया गया। अब मार्च का वेतन अप्रेल में ही प्राप्त होगा। इससे प्रदेश के कर्मचारियों को आधा वेतन ही प्राप्त हुआ है। उदाहरण स्वरूप एक वरिष्ठ लिपिक को प्रतिमाह लगभग 53,000/-रू. वेतन नगद प्राप्त होता था, उसके बकाया राशि 25,000/-रू. को एकमुश्त काट लिए जाने से मात्र 29,400/-रू. ही वेतन प्राप्त हुआ। इसी प्रकार महिलाओं को आयकर सीमा में कुछ अधिक छूट के बाद भी प्रतिमाह 57,751/-रू. वेतन प्राप्त होता था, उसे एकमुश्त 27,253/-रू. एकमुश्त आयकर कटौती के कारण मात्र 23,398/-रू. ही वेतन प्राप्त हुआ। जिन्होने प्रतिमाह 1,000/-रू. वेतन से आयकर की अग्रिम कटौती कर शासन को भुगतान कर दिया था, उनका भी मूलवेतन जो 57,751/-रू. प्रतिमाह नगद प्राप्त होता था, उनके बकाया आयकर कटौटी राशि एकमुश्त 16,341/- रू. कटौती हो जाने के कारण मात्र 35,077/-रू. ही नगद वेतन प्राप्त हुआ।
संघ के प्रांतीय कार्यकारी अध्यक्ष अजय तिवारी, महामंत्री उमेश मुदलियार, संभागीय अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रांतीय सचिव विश्वनाथ धु्रव, सी.एल.दुबे, दिनेश मिश्रा, रविराज पिल्ले, रामचंद्र ताण्डी, आलोक जाधव, नरेश वाढ़ेर, जवाहर यादव, राजू मुदलियार, ए.जे.नायक, डॉ. अरूंधती परिहार, टार्जन गुप्ता बजरंग मिश्रा, प्रवीण ढिडवंशी, संतलाल साहू, प्रदीप उपाध्याय, ससीम तिवारी, एस.पी. यदु, के.आर.वर्मा, श्रवण सिंह ठाकुर, प्रदीप मिश्रा, अजय वर्मा, संतोष पाण्डे आदि ने केंद्र सरकार से बजट पारित होने से पहले आयकर की सीमा बढ़ाने की मांग की है।