रायपुर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 4 फरवरी। पाटन रोड में गुरूवार की रात एक टीवी चैनल के पत्रकार पर भाजपा नेता और उसके कुछ सहयोगियों ने हमला कर दिया। सिर में जानलेवा हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। पत्रकार को देर रात अस्पताल भर्ती कराना पड़ा। इधर हमले की निंदा करते हुए पत्रकारों ने अम्लेश्वर थाना का घेराव किया तब कई घंटे बाद आरोपी को पकड़ा गया। हमलावर भाजपा नेता की पहचान मोनू साहू के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर धारा 307,34 के तहत मामला दर्ज किया। जानकारी के मुताबिक पत्रकार धीरेंद्र गिरी गोस्वामी के परिचित से भाजपा नेता के परिवार वाले किसी बात को लेकर विवाद कर रहे थे। पत्रकार के परिचित पाटन रोड अम्लेश्वर वुड आईलैंड में रहते हैं। भाजपा नेता मोनू साहू के साथ उसके और कुछ साथी पहुंचे थे जो रात दस बजे हंगामा करने लगे। इतने में परिचित के घर आए पत्रकार धीरेंद्र ने बीच बचाव करने की कोशिश की, इस दौरान मोनू साहू ने किसी वजनीय चीज से धीरेेंद्र के सिर पर हमला कर दिया। माथे पर वार करने की वजह से गंभीर चोंटे आई। धीरेंद्र पर वार करते ही वह बेहोश हो गया। बेसुध हालत में परिचित उसे किसी तरह से आंबेडकर अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरी इलाज शुरू होने के बाद धीरेंद्र को होश आया। डॉक्टरों ने धीरेंद्र के सिर में गंभीर चोट आने की पुष्टि की। धीरेंद्र पर हुए हमले की निंदा करते हुए रायपुर से पत्रकार एकजुट होकर अम्लेश्वर थाना पहुंचे। यहां हमलावर भाजपा नेता की तत्काल गिरफ्तारी करने की मांग की। इसके बाद पुलिस अमला भाजपा नेता को गिरफ्तार करना निकला।
पत्रकार पर किए गए हमले की निंदा करते हुए वरिष्ठों ने सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून जल्द से जल्द लागू करने की मांग भी की। मालूम हुआ है भाजपा नेता मोनू साहू लंबे समय से एक परिवार को परेशान कर रहे हैं। इसी बात को लेकर पत्रकार धीरेंद्र ने हस्तक्षेप किया था। इतने में आक्रोशित होकर मोनू साहू ने जानलेवा हमले की सोचकर सिर पर वार किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने की प्रक्रिया पूरी की है।