रायपुर

सायबर-नार्कोटिक्स सेल मर्ज, गंज में होगा क्राइम ब्रांच का दफ्तर, एसआई-सिपाहियों की जल्द छंटनी
05-Mar-2022 4:40 PM
सायबर-नार्कोटिक्स सेल मर्ज, गंज में होगा क्राइम ब्रांच का दफ्तर, एसआई-सिपाहियों की जल्द छंटनी

लोकल अपराधियों का दबाव बढ़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 मार्च।
क्राइम ब्रांच की यूनिट को फिर से चालू करने राज्य शासन के निर्णय लेने के बाद रायपुर में कवायद तेज हो गई है। एंटी क्राइम एंड सायबर यूनिट के नाम से शुरू होने वाले क्राइम ब्रांच की नई बॉडी के लिए थानों से सिपाहियों के साथ कुछ पुराने अफसरों को शामिल करने फोकस बढ़ा दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, सायबर सेल और नार्कोटिक्स सेल को मर्ज कर सेंट्रलाइज्ड यूनिट बनाने की तैयारी है। रायपुर में पुराने गंज थाना परिसर में मौजूद क्राइम ब्रांच के दफ्तर से कमांडिंग तय कर दी गई है। करीब तीन सालों से पुराने मुख्य सेंटर में छाई विरानी अब दूर होगी। सेंट्रल क्राइम ब्रांच की यूनिट के गठन की घोषणा के साथ अलग-अलग विंग से स्पेशल टीमों को एक साथ जोड़ा जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने संकेत दिए हैं सायबर सेल के साथ नशा कारोबार रोकने बनाई गई नार्काेटिक्स सेल को भी एंटी क्राइम ब्रांच की यूनिट में मर्ज किया जाएगा। इसके अलावा हार्डकोर अपराधियों के डाटाबेस बनाने और फिर अपराधियों को पकडऩे फील्ड की टीमें बनाकर इसे कमांडिंग सेंटर आपरेट किया जाएगा। कोई भी स्पेशल सेल अलग से काम नहीं करेगा बल्कि एंटी क्राइम ब्रांच की अगुवाई में टीमें सक्रिय रहेंगी। वरिष्ठ अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने बताया, अभी विचार किया जा रहा है कि नए ब्रांच में थानेदारों की संख्या बढ़ाई जा सके। पहले के समय में क्राइम ब्रांच में एक टीआई, एक डीएसपी के साथ ही एएसपी का सेटअप रहा है लेकिन इस बार अलग-अलग सेल को भी मर्ज किए जाने से थानेदारों की संख्या बढ़ाने पर फोकस किया जा सकेगा।

थानेदारों पर लोकल अपराधियों को पकडऩे का सबसे ज्यादा दबाव है। दरअसल शहर में चाकूबाजी और नशाखोरी की घटनाएं सबसे ज्यादा बढ़ी है। यही नहीं सिलसिलेवार हो रही चोरियों की वजह से भी लोग दहशत में है। लॉक डाउन खुलने के बाद आर्थिक अपराध के बढ़ते ग्राफ की वजह से क्राइम ब्रांच की पुरानी यूनिट की जरूरत पड़ी है। दरअसल  यह भी है कि क्राइम ब्रांच भंग होने से कई पुराने चेहरे अलग-अलग थानों में छिटकें है इस वजह से लोकल बदमाशों की सूचना आ पाना मुश्किल है। इसका नुकसान शहर को हुआ है।

शिफ्ट होगा एएसपी आफिस
एएसपी क्राइम का आफिस गंज में शिफ्ट हो सकता है। गंज में प्रभारी एएसपी क्राइम के साथ डीएसपी और टीआई के लिए पुराना सेटअप बना हुआ है। नए थानेदारों के शामिल किए जाने के बाद और कुछ बदलाव संभव है। तीन साल पहले रंगदारी के आरोप लगने के बाद ब्रांच को भंग कर दिया गया था, लेकिन अब अपराध बढऩे के बाद दोबारा क्राइम ब्रांच के गठन पर फैसला हुआ है।

नए सेटअप के साथ क्राइम ब्रांच
राज्य शासन के फैसले के बाद क्राइम ब्रांच का दोबारा से गठन होगा जिसमें सभी स्पेशल विंग शामिल कर दिए जाएंगे। थानेदारों की संख्या भी बढ़ाने पर फोकस होगा।
- प्रशांत अग्रवाल,
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक


अन्य पोस्ट